राजधानी में उमड़ेगा 50 हजार लोगों का हुजूम, बसों और चार पहिया वाहनों के लिए तय हुए पार्किंग स्थल, इन रास्तों से होगी एंट्री
यातायात पुलिस के अनुसार 4 नवंबर को सुबह 8 बजे से ही शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। भदभदा चौराहा भारत माता चौराहा जवाहर चौक माता मंदिर रोशनपुरा लिंक रोड-1 और पॉलिटेक्निक चौराहे के आसपास यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। इन मार्गों से रोजाना गुजरने वाले वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी लें और अनावश्यक रूप से आयोजन स्थल के आसपास जाने से बचें।
विदिशा और रायसेन की ओर से आने वाली बसें टेल नगर खजूरी कलां तिराहा पिपलानी रोड महात्मा गांधी चौराहा चेतक ब्रिज बोर्ड ऑफिस लिंक रोड-1 और अपेक्स बैंक होते हुए टीटी क्रॉस के रास्ते टीटी नगर स्टेडियम के पास यात्रियों को उतारेंगी। इन बसों की पार्किंग एलएलए रेस्ट हाउस परिसर में निर्धारित की गई है। वहीं नर्मदापुरम मंडीदीप मिसरोद और बागसेवनिया की ओर से आने वाली बसें नर्मदापुरम रोड सावरकर सेतु गणेश मंदिर मानसरोवर तिराहा लिंक रोड-2 अर्जुन नगर सेकंड स्टॉप और तुलसी नगर होते हुए अटल पथ के पास यात्रियों को उतारेंगी। इन बसों को तुलसी नगर स्थित अंबेडकर पार्क के पास खड़ा किया जाएगा।
सीहोर रातीबड़ और नीलबड़ की ओर से आने वाली बसें रातीबड़ नीलबड़ साखी ढाबा तिराहा भदभदा चौराहा और भारत माता चौराहा होते हुए जवाहर चौक पर यात्रियों को उतारेंगी। इनके लिए मॉडल स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मुबारकपुर बायपास और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली बसें मुबारकपुरा गांधीनगर लालघाटी वीआईपी रोड पॉलिटेक्निक चौराहा बाणगंगा चौराहा और रंगमहल होते हुए कमला नेहरू स्कूल सेंटर पॉइंट पर यात्रियों को उतारेंगी। इन बसों की पार्किंग टीटी नगर दशहरा मैदान के आसपास रहेगी।
पुराने शहर से आने वाली बसों के लिए भारत टॉकीज लिली चौराहा कंट्रोल रूम गांधी पार्क और रोशनपुरा चौराहे का मार्ग तय किया गया है। ये बसें टीटी नगर स्टेडियम के पास यात्रियों को उतारेंगी। इनके लिए लाल परेड मैदान रवींद्र भवन और खटलापुरा रोड पर पार्किंग निर्धारित की गई है।
यातायात पुलिस ने बस संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वापसी के दौरान यात्रियों को निर्धारित पार्किंग स्थलों से ही बैठाया जाए। पुराने शहर से आने वाली बसों को वापसी में अपेक्स बैंक तिराहे से सवारी बैठाने की अनुमति रहेगी। बाकी बसें अपने तय ड्रॉप पॉइंट और पार्किंग स्थल से ही यात्रियों को लेकर लौटेंगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था का पालन करें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों के अनुसार ही आवाजाही करें। किसी भी तरह की परेशानी होने पर यातायात कंट्रोल रूम के नंबर 0755-2677340 और 0755-2443850 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर 7587602055 पर भी सूचना दी जा सकती है।
