शिवपुरी के कोर्ट रोड पर बीच बाजार स्कूटी में लगी आग, दुकानदारों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात करीब 8 बजे एक व्यक्ति अपनी ज्यूपिटर स्कूटी से कोर्ट रोड स्थित सहकारिता बैंक के सामने पहुंचा था। उसने अपनी गाड़ी बैंक के सामने खड़ी की और इसके बाद सब्जी मंडी की ओर चला गया। कुछ देर तक स्कूटी सामान्य हालत में खड़ी रही लेकिन अचानक उससे धुआं निकलने लगा। आसपास मौजूद लोगों की नजर जब स्कूटी पर पड़ी तो उसमें आग लग चुकी थी। देखते ही देखते वहां दुकानदार और राहगीर जुटने लगे।
आग की लपटें देखकर आसपास के व्यापारियों ने बिना देर किए पानी का इंतजाम किया। फल और सब्जी बेचने वाले दुकानदारों ने मिलकर स्कूटी पर पानी डालना शुरू किया। लगातार प्रयास के बाद आग बुझा दी गई। इस दौरान लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। कोर्ट रोड पर बैंक और दुकानों के आसपास लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में यदि आग समय रहते नहीं बुझती तो आसपास खड़े अन्य वाहनों और दुकानों तक भी लपटें पहुंच सकती थीं।
स्थानीय दुकानदारों की तत्परता के चलते आग आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंची। घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की जानकारी भी सामने नहीं आई है। हालांकि स्कूटी में आग लगने से वाहन को कितना नुकसान हुआ इसकी विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस के मुताबिक स्कूटी मालिक की ओर से अभी तक आग लगने की घटना को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसी वजह से फिलहाल वाहन मालिक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के सामने यह भी स्पष्ट नहीं है कि स्कूटी में आग किस कारण लगी। तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से आग लगी इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल इस घटना ने बाजार क्षेत्र में खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। राहत की बात यह रही कि आसपास के दुकानदारों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। यदि आग कुछ देर और फैलती तो कोर्ट रोड के व्यस्त बाजार में बड़ा नुकसान हो सकता था। अब पुलिस स्कूटी मालिक और आग लगने के कारणों की जानकारी जुटाने में लगी है।
