मेहनत और किस्मत का मेल हो तो तकदीर भी बदल जाती है। ऐसा ही कुछ हुआ पन्ना के सिरस्वाहा निवासी किसान बृजेंद्र कुमार शर्मा के साथ, जिन्हें हीरा खदान में पांच चमचमाते हीरे मिले हैं। बृजेंद्र को जो हीरे मिले हैं, उनमें सबसे बड़ा हीरा 2.29 कैरेट का है, जबकि अन्य चार हीरे क्रमश: 0.77, 0.74, 1.08 और 0.91 कैरेट वजन के बताए जा रहे हैं।
जानकारों के अनुसार, इनमें से तीन हीरे उज्ज्वल (जैम क्वालिटी) किस्म के हैं, जिनकी नीलामी में अच्छी कीमत मिलने की उम्मीद है। वहीं दो हीरे मैटमैले रंग के हैं। इनकी कीमत थोड़ी कम रहती है। फिलहाल हीरों को नीलामी के लिए डायमंड ऑफिस में जमा कराया जाएगा। नीलामी के बाद किसान को राशि प्रदान की जाएगी।
खेती के साथ-साथ कर रहा था खदान में खुदाई: किसान बृजेंद्र शर्मा ने जून 2025 से पन्ना के भरकन गांव में खदान शुरू की थी। कई महीनों की लगातार मेहनत के बाद मिली यह कामयाबी बृजेंद्र के लिए बड़ी आर्थिक राहत लेकर आई। शर्मा ने बताया, वह खेती के साथ-साथ अतिरिक्त आय की उम्मीद में खदान चला रहे थे और एक साथ इतने हीरे मिलने से परिवार में भी खुशी का माहौल है।