September 27, 2026

उत्तराखंड मौसम अपडेट: दून समेत तीन जिलों में बारिश का रेड अलर्ट

0
उत्तराखंड मौसम अपडेट
  • गंगोत्री धाम में बर्फबारी, केदारनाथ में बारिश…

उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में आज भी मौसम बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून समेत पौड़ी और टिहरी जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अन्य जिलों में भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को मौसम खराब होने के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही अनावश्यक रूप से पर्वतीय इलाकों में यात्रा करने से बचने की सलाह दी है।

गंगोत्री धाम में बर्फबारी, केदारनाथ में बारिश
गंगोत्री धाम की ऊंची चोटियों के साथ गोमुख क्षेत्र में भी लगातार बर्फ गिर रही है. वहीं भारत-चीन सीमा से लगे नेलांग, जादूंग, नीलापानी समेत अग्रिम चौकियों में भारी बर्फबारी के कारण चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है. इन क्षेत्रों में करीब चार से पांच फीट तक बर्फ जमने की सूचना है. लगातार बर्फबारी के कारण सीमा क्षेत्र में तैनात जवानों और कर्मचारियों को भी मौसम की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है.

वही उत्तराखंड में आज मौसम विभाग ने बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की तरफ से जारी चेतावनी के अनुसार देहरादून, टिहरी और पौड़ी गढ़वाल में बहुत भारी बारिश होने के आसार है. इसी कड़ी में रुद्रप्रयाग जिले में बारिश जारी है. जिससे यात्रा मार्गों पर मुश्किलें बढ़ गई हैं. वहीं, उत्तरकाशी जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है. गंगोत्री धाम की ऊंची चोटियों, गोमुख और भारत-चीन सीमा से लगे क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है.

यमुना घाटी में बारिश
उधर, यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी होने से तापमान काफी नीचे चला गया है. सप्त ऋषि कुंड, बंदरपूंछ और गरुड़ गंगा की चोटियां बर्फ से ढक गई हैं. लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण यमुनोत्री धाम में ठंड का असर बढ़ गई है. यमुनोत्री धाम के पुरोहित गिरीश उनियाल और सुरेश नौटियाल ने बताया लगातार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण धाम में ठंड काफी बढ़ गई है. मौसम खराब होने और चारधाम यात्रा स्थगित किए जाने के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही पूरी तरह थमी हुई है. इससे यमुनोत्री धाम में सन्नाटा पसरा हुआ है. धाम में मौजूद पुरोहित और अन्य लोग दिव्य शिला के समीप बैठकर मौसम खुलने का इंतजार कर रहे हैं.

57 मार्ग बंद
राज्य में बारिश और भूस्खलन के चलते 57 मार्ग बंद है। इसमें अल्मोड़ा में दो, बागेश्वर चार, चमोली आठ, देहरादून आठ और नैनीताल में 11 मार्ग बंद है। पौड़ी तीन, पिथौरागढ़ 11, रुद्रप्रयाग तीन, टिहरी पांच और उत्तरकाशी में दो सड़क बंद है। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बारिश से नदियों का जल स्तर खतरे के निशान के पास पहुंच गया है। हरिद्वार में शाम चार बजे गंगा नदी का जल स्तर खतरे के निशान से तीन मीटर नीचे रह गया था। रुद्रप्रयाग में अलकनंदा और मंदाकिनी नदी और बागेश्वर में सरयू नदी का जल स्तर भी खतरे के निशान के पास पहुंच गया।

सबसे अधिक बारिश ऊधमसिंह नगर जिले में हुई
प्रदेश में आज उधम सिंह नगर जिले में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। गुलरभोज में 91.5 मिमी बारिश हुई। काशीपुर में 89.0 मिमी और गदरपुर में 86.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है। मौसम विज्ञान विभाग से भी लगातार संपर्क बना हुआ है। मौसम संबंधी सभी अलर्ट आम जनता तक पहुंचाए जा रहे हैं। इससे लोग समय रहते सचेत रह सकें। वे आवश्यक एहतियाती कदम उठा सकते हैं। नैनीताल जिले में भी भारी वर्षा हुई। कोश्याकुटोली में 87.5 मिमी, नैनीताल में 78.5 मिमी और धारी में 66.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। चंपावत के पाटी में 72.5 मिमी बारिश हुई। लोहाघाट में 68.5 मिमी और चंपावत में 60.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। पौड़ी गढ़वाल के नैनीडांडा में 65 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लैंसडौन में 54 मिमी और कालागढ़ में 52.5 मिमी बारिश हुई। अल्मोड़ा के जैंती में 63 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। शीतलाखेत में 61.5 मिमी और रानीखेत में 57.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। देहरादून निरंजनपुर में 57 मिमी बारिश हुई।

कम वर्षा वाले क्षेत्र
देहरादून के रायवाला में 20.5 मिमी और चकराता में 18.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। पिथौरागढ़ के गनाई गंगोली में 47.5 मिमी बारिश हुई। बागेश्वर में डंगोली में 47 मिमी और उत्तरकाशी में जानकी चट्टी में 43 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। चमोली में पोखरी में 42 मिमी और रुद्रप्रयाग में अगस्त्यमुनि में 26 मिमी वर्षा दर्ज की गई। हरिद्वार में खानपुर में 23.5 मिमी और टिहरी गढ़वाल में चंबा में 19.5 मिमी बारिश हुई।

केदारनाथ धाम में बारिश
केदारनाथ धाम में भी बारिश हो रही है। श्रद्धालु भारी बारिश के बीच कतार में खड़े होकर बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं। दूसरी ओर बदरीनाथ हाईवे पर सिरोबगड़ एक बार फिर चुनौती बनकर सामने आया है। पहाड़ी से लगातार बोल्डर और मलबा गिरने से सड़क पर खतरा मंडरा रहा है। वहीं मद्महेश्वर यात्रा मार्ग के बनतोली में लकड़ी का पुल एक ओर तिरछा हो गया है। जिससे आवाजाही करने वालों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *