पिथौरागढ़ में दो बार्डर रोड व एक स्टेट हाइवे समेत 23 सड़कें बंद
-
जान खतरे में डालकर आवागमन कर रहे लोग
पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश और लैंड स्लाइड से चीन सीमा को जाने वाली दो बार्डर रोड और एक स्टेट हाइवे बंद हो गया है। कई ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर दो सप्ताह से भी अधिक समय से यातायात ठप है। कई सड़कों पर मलबा आने से लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं।
धारचूला- तवाघाट- गुंजी बार्डर रोड कुलागाड़ में बंद है। इससे व्यास, दारमा और चौदास तीनों घाटियों का संपर्क कटा हुआ है। बीआरओ ने मलबा व बोल्डर हटाने का काम शुरू कर दिया है। थल-मुनस्यारी स्टेट हाइवे नाचनी के हरड़िया में बंद है। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आया है। सड़क खोलने के लिए पीडब्लूडी ने जेसीबी तैनात कर दी है।
मुनस्यारी- हरकोट- चौना सड़क बोल्डर गिरने से बंद
मुनस्यारी- हरकोट- चौना सड़क बरसागाड़ में बंद है। भारी बारिश के दौरान उफनाए नाले में मलबा और बोल्डर बहकर आए और सड़क पर जमा हो गए। गांवों में फंसे कुछ लोगों ने अपने दोपहिया वाहन बमुश्किल निकाले। उफनाए नालों पर लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं।
तेजम तहसील में हुई 120 मिमी बारिश
रविवार रात पिथौरागढ़ में 14.5 मिमी, बेरीनाग में 32 मिमी, मुनस्यारी में 56.2 मिमी, बंगापानी में 105 मिमी, गणाई गंगोली में 25 मिमी, देवलथल में 70.0 मिमी, गंगोलीहाट में 5.5मिमी, डीडीहाट में 90.0मिमी, धारचूला में 25.8मिमी, कनालीछीना में 46 मिमी, तेजम में 120.0 मिमी, थल में 50.0 बारिश हुई। सोमवार सुबह से लगातार बारिश जारी है।
