March 8, 2026

सपा प्रदेशाध्यक्ष का बड़ा हमला: विंध्य में विधायक और महिलाएं भी सुरक्षित नहीं, डिप्टी सीएम के गढ़ में फल-फूल रहा नशे का कारोबार

0
aliya-1769766324
भोपाल।  मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने आरोप लगाया कि विंध्य में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि न तो विधायक सुरक्षित हैं और न ही महिलाएं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति उस सरकार के लिए शर्मनाक है जो कानून-व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है।

डॉ. यादव ने कहा कि रीवा जिले के एक भाजपा विधायक कई दिनों से सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं और उन्होंने खुद स्वीकार किया है कि उनकी जान और परिवार को खतरा है। इसके अलावा विधायक नरेंद्र प्रजापति के साथ खुलेआम गाली-गलौज, मारपीट की कोशिश और जान से मारने की धमकी का वीडियो सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि जब सत्ताधारी पार्टी के विधायक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए सपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सतना में भाजपा के एक मंडल अध्यक्ष द्वारा अपनी ही पार्टी की महिला कार्यकर्ता के साथ बेरहमी से मारपीट का वीडियो सामने आया है। इसके साथ ही भाजपा सांसद हिमाद्री सिंह की सहयोगी रोशनी शुक्ला की कुचलकर हत्या की घटना ने पूरे विंध्य क्षेत्र को झकझोर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना बेहद दर्दनाक थी, जिसने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

डॉ. मनोज यादव ने आरोप लगाया कि डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के गृह क्षेत्र विंध्य में नशे का अवैध कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी आंकड़ों में यह सामने आया है कि प्रदेश में सबसे अधिक कफ सिरप की खपत विंध्य क्षेत्र में दर्ज की गई है। गांजा तस्करी भी खुलेआम चल रही है और इसमें प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदारों की संलिप्तता की चर्चा आम है।

उन्होंने कहा कि जब सत्ता में बैठे लोगों के संरक्षण में नशे का कारोबार पनप रहा हो, तो आम आदमी को न्याय मिलना नामुमकिन हो जाता है। किसान, मजदूर और आम नागरिक आए दिन हिंसा, अत्याचार और भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं।

सपा प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी ने प्रदेश के 55 जिलों में प्रभारी नियुक्त किए हैं, जो ऐसी घटनाओं की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पीड़ितों की आवाज उठाएंगे। उन्होंने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी सड़कों से लेकर लोकतांत्रिक मंचों तक भाजपा सरकार के “जंगलराज और अहंकार” के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *