October 24, 2026

MP को बड़ी सौगात… रेल मंत्री आज देवेंद्रनगर–चुरहट ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी… आजादी के बाद पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ेगा सीधी जिला

0
0000000-1792822210

सतना/रीवा।
मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के विंध्य क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है. मुख्यमंत्री मोहन यादव (Chief Minister Mohan Yadav) और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Railway Minister Ashwini Vaishnaw) शनिवार को सतना-देवेंद्रनगर और रीवा-चुरहट नए रेलखंडों का वर्चुअली उद्घाटन करेंगे. इस अहम अवसर पर देवेंद्रनगर-चुरहट ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा. इस परियोजना के शुरू होने से विंध्य क्षेत्र के विकास को अभूतपूर्व गति मिलने की उम्मीद है।

इस पूरे रेल विस्तार में सबसे बड़ी उपलब्धि सीधी जिले का रेल नेटवर्क से जुड़ना है. आजादी के बाद यह पहला अवसर है जब सीधी जिला सीधे तौर पर देश के रेल मानचित्र और मुख्य रेल संपर्क से जुड़ रहा है।

इस ऐतिहासिक बदलाव से जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा कर्मचारियों, व्यापारियों और मरीजों को आवागमन में बहुत बड़ी राहत मिलेगी. अब क्षेत्रीय नागरिकों को बड़े शहरों और प्रमुख बाजारों तक पहुंचने के लिए सुगम और सुरक्षित परिवहन विकल्प उपलब्ध होंगे, जिससे सड़क मार्ग पर निर्भरता काफी हद तक कम हो जाएगी।

सतना-देवेंद्रनगर रेलखंड: इस नवनिर्मित रेलखंड की कुल लंबाई 53 किलोमीटर है. रीवा-चुरहट रेलखंड: इस रेलखंड की कुल लंबाई 65 किलोमीटर है। इन दोनों रेलखंडों के शुरू होने से सतना, देवेंद्रनगर, रीवा, चुरहट और आसपास के तमाम क्षेत्रों के बीच सीधा और तीव्र संपर्क स्थापित हो जाएगा, जिससे यात्रियों के समय और यात्रा लागत दोनों में भारी कमी आएगी।


उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

विशेषज्ञों का मानना है कि रेल नेटवर्क का यह चौमुखी विस्तार विंध्य क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक कायाकल्प में मील का पत्थर साबित होगा बेहतर रेल परिवहन से उद्योगों की स्थापना, व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार, कृषि उत्पादों की आवाजाही और स्थानीय बाजारों को नया प्रोत्साहन मिलेगा. क्षेत्र के खनिज व कृषि उत्पादों को देश के अन्य हिस्सों तक भेजना आसान होगा।


पर्यटन और आतिथ्य सत्कार

इस क्षेत्र के ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों की पहुंच सुगम होगी. इससे होटल, परिवहन, खान-पान और हस्तशिल्प क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा. निर्माण, रखरखाव, व्यापार और सेवा क्षेत्र में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के नए द्वार खुलेंगे, जिससे स्थानीय युवाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलेगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *