March 8, 2026

फिलिस्तीन को मान्यता से इनकार, 75 शहरों में दंगे

0
ITLY

– प्रदर्शनकारियों से मुठभेड़ में 60 पुलिसकर्मी घायल

इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने फिलिस्तीन को मान्यता देने से इनकार कर दिया है, इसके बाद इटली में हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। प्रदर्शन मिलान, जेनोआ और लिवोर्नो जैसे प्रमुख शहरों में शुरू हुए, जहां सड़कों को जाम किया गया। देखते-देखते प्रदर्शन इटली के 75 से ज्यादा शहरों में फेल गए। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ में 60 से ज्यादा पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

फिलिस्तीन समर्थकों द्वारा बुलाई गई व्यापक हड़ताल में फिलिस्तीन को मान्यता देना, इजरायल पर हथियार प्रतिबंध और गाजा में हत्याओं पर रोक जैसी मांगें अहम थीं। इस दौरान परिवहन, शिक्षा और रसद सेवाएं 24 घंटे ठप रहीं। मिलान में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। मिलान के सेंट्रल स्टेशन पर हालात सबसे ज्यादा बिगड़े। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर कुर्सियां और डंडे फेंके, जबकि पुलिस ने भीड़ काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। इसमें 60 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए।

वामपंथी दल और यूनियनें नाराज

गौरतलब है कि न्यूयॉर्क में सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक से पहले फ्रांस जैसे यूरोपीय देशों ने फिलिस्तीन को एक अलग देश के रूप में मान्यता देने की घोषणा की थी। लेकिन मेलोनी ने कहा है कि ‘ऐसे राज्य को मान्यता देना जो अस्तित्व में ही नहीं है, प्रतिकूल परिणाम देगा।’

मिलान में प्रदर्शकारियों और पुलिस में मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों पर पत्थर फेंके गए।

हिंसा से नहीं आएगा बदलाव: मेलोनी
प्रदर्शन को लेकर मेलोनी ने एक्स पर लिखा, हिंसा और विनाश का एकजुटता से कोई लेना-देना नहीं है और इससे गाजा के लोगों के जीवन में कोई बदलाव नहीं आएगा। गौरतलब है कि एक सर्वे में सामने आया कि लगभग 64 प्रतिशत इटली के लोग गाजा की स्थिति को बहुत गंभीर मानते हैं, जबकि 41 फीसदी फिलिस्तीन को मान्यता के पक्ष में हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *