भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच रक्षा सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। इसी कड़ी में सीआरपीएफ को अत्याधुनिक सीएसआर-338 स्नाइपर राइफलें मिलने जा रही हैं। इसके लिए अरब की हथियार निर्माता कंपनी कैराकल और मेघा इंजीनियरिंग की सहयोगी कंपनी आईकॉम टेली लिमिटेड के बीच बड़ा अनुबंध हुआ है।
अनुबंध के तहत 200 आधुनिक स्नाइपर राइफलों का निर्माण और आपूर्ति हैदराबाद में अप्रेल 2025 में शुरू हुई यूनिट आईकॉम-कैराकल स्मॉल आर्स कॉप्लैक्स से की जाएगी। कैराकल के सीईओ हमद अल अमेरी ने कहा कि यह समझौता भारत-यूएइ रक्षा सहयोग में एक मील का पत्थर है। आईकॉम के निदेशक सुमंत पाटुरु ने इसे स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ी सफलता बताया। आधुनिक स्नाइपर राइफल अपनी सटीकता और विश्वसनीयता के लिए जानी जाती है। कठिन परिस्थितियों में भी हाइ-परफॉर्मेंस देने वाली यह राइफल जल्द ही सीआरपीएफ के बेड़े में शामिल होगी। इसके पहले लॉट की डिलीवरी 2025 के अंत तक होने की संभावना है।