लालकुआं से झांसी तक नई स्पेशल ट्रेन सेवा 25 जून से
– 24 जून को झांसी से लालकुआं के लिए प्रस्थान करेगी

पूर्वोत्तर रेलवे की इज्जतनगर मंडल ने झांसी और लालकुआं के बीच वीरांगना लक्ष्मीबाई समर स्पेशल ट्रेन 04181 / 04182 चलाने का निर्णय लिया है। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट का कहना है कि यह ट्रेन “ट्रेन ऑन डिमांड” के रूप में चलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस नई ट्रेन सेवा से क्षेत्रीय यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा प्राप्त होगा।
यह ट्रेन 25 जून से प्रत्येक बुधवार को लालकुआं से ट्रेन 04182 दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर झांसी के लिए जाएगी। जबकि 24 जून से हर मंगलवार को झांसी से शाम 8 बजकर 15 मिनट पर लालकुआं के लिए रवाना होगी।
लालकुआं से यह ट्रेन 04182 प्रस्थान करने के बाद यह बरेली, कासगंज, मथुरा, आगरा और ग्वालियर होते हुए झांसी पहुंचेगी।
जबकि झांसी से आते समय मार्ग में दतिया, ग्वालियर, आगरा कैंट, मथुरा, कासगंज, बरेली, इज्जतनगर और किच्छा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। जिससे उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के यात्रियों को सुविधा होगी। ट्रेन में 20 कोच होंगे इनमें जनरल, स्लीपर, थर्ड एसी व सेकंड एसी समेत सुरक्षा और सामान के लिए आरक्षित कोच शामिल हैं।
इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि यह रेल सेवा यात्रियों के आराम को ध्यान में रखकर चलाई जाएगी, विशेषकर गर्मी की छुट्टियों में लंबी दूरी की यात्रा कर रहे लोगों के लिए यह राहत देने वाली साबित होगी।
