July 7, 2026

Uttarakhand: हेली सेवा के लिए लैंसडौन, रामनगर, नैनीताल में विकसित होगा ढांचा

0
HaliPort
  • इन तीन जगह बनेंगे नए हेलीपोर्ट

हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए उत्तराखंड में नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से नई योजना प्रस्तावित की गई है। इसके तहत हेलीकॉप्टर सेवा के लिए रामनगर, लैंसडौन, नैनीताल में बुनियादी ढांचा विकसित करने के अलावा अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ व श्रीनगर में नए हेलीपोर्ट विकसित किए जाने हैं।

इसे लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण व यूकाडा के अधिकारियों की उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि उड़ान योजना के तहत देशभर में 100 नए हवाई अड्डों व 200 हेलीपोर्ट के विकास का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यहां साल 2026 की चारधाम हेलीसेवाओं के प्रथम चरण के सफल संचालन की समीक्षा करने के अलावा प्रदेश में परिचालन सुरक्षा के साथ ही विमानन अवसंरचना के विस्तार और भविष्य की विकास योजनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।

यहां उत्तराखंड के लिए विमानन विकास का रोडमैप नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर सिन्हा व भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष विपिन कुमार ने सामने रखा। उन्होंने अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और श्रीनगर में नए हेलीपोर्ट विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा। माना जा रहा है कि ऐसा करने से क्षेत्रीय हवाई संपर्क मजबूत होने के साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों तक विमानन सेवाओं का विस्तार होगा। इसके साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर संचालन को सुरक्षित बनाने के लिए अतिरिक्त मौसम निगरानी प्रणाली भी स्थापित की जाएगी।

यहां बैठक के दौरान बताया गया कि चारधाम हेली सेवाओं के संचालन का प्रथम चरण 19/04, 2026 से लेकर 26/06, 2026 तक सफलतापूर्ण हुआ। वहीं दूसरा चरण 15/09, 2026 से प्रस्तावित है। ऐसे में इस बीच के समय का उपयोग सुरक्षा मानकों को मजबूत करने व आवश्यक अवसंरचना को विकसित करने में किया जाएगा। यहां सभी विभागों को मुख्य सचिव ने आगामी चरण से पहले सुरक्षा और अवसंरचनात्मक कार्य समय पर पूर्ण करने लेने का निर्देश दिया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *