दशहरे और वीकेंड पर बदले रूट: कैंची धाम और मसूरी-ऋषिकेश जाने से पहले समझ लें ट्रैफिक प्लान
-
मसूरी में 90% पार्किंग भरते ही प्लान-B
वीकेंड और दशहरे की छुट्टियों में कैंची धाम, नैनीताल, मसूरी और ऋषिकेश जाने का प्लान बना रहे हैं तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जरूर देख लें। नैनीताल और श्री कैंची धाम में श्रद्धालुओं व पर्यटकों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस ने 17 से 20 अक्टूबर तक विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान लागू किया है।
वहीं, देहरादून पुलिस ने मसूरी और ऋषिकेश में 17 से 19 अक्टूबर तक विशेष व्यवस्था की है। इस दौरान कई रास्तों पर वाहनों के रूट बदले रहेंगे। कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों को निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करने के बाद शटल सेवा से मंदिर तक पहुंचना होगा।
नैनीताल पुलिस के एसपी ट्रैफिक जगदीश चंद्रा के अनुसार, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए जिले की सीमाओं पर चेकिंग और डायवर्जन किया जाएगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से निर्धारित रूट का पालन करने की अपील की है, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।
नो एंट्री भारी वाहनों की सुबह 3 से रात 11 बजे तक
17 से 20 अक्टूबर तक भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। ऐसे वाहनों को जिले की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा।
रोक: कैंची धाम-नैनीताल में टैक्सी-दोपहिया वाहनों पर
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल शहर में टैक्सी तथा दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। पर्यटकों को निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करने और आगे की यात्रा के लिए शटल सेवा का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
प्लान-B: मसूरी में 90% पार्किंग भरते ही लागू होगा
17 से 19 अक्टूबर तक मसूरी में पर्यटकों की भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। पार्किंग की स्थिति के अनुसार वाहनों को अलग-अलग रूट से भेजा जाएगा।
प्लान-A: पर्यटकों के वाहन निर्धारित पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे।
प्लान-B: पार्किंग की 90% क्षमता भरने पर वाहनों को किंग क्रेग पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से स्थानीय टैक्सी से आगे जाना होगा।
प्लान-C: किंग क्रेग पार्किंग भी भरने पर वाहनों को गज्जी बैंड से हाथीपांव रोड होते हुए जीरो प्वाइंट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

रूट: चकराता जाने वालों के लिए
डाटकाली-आरटीओ चेकपोस्ट-ट्रांसपोर्ट नगर-GMS रोड-सेंट ज्यूड चौक-नयागांव-सिंघनीवाला-न्यू देहरादून-पांवटा फ्लाईओवर-लांघा रोड से होकर वाहन चकराता जाएंगे।
ऋषिकेश और हरिद्वार से मसूरी जाने वाले
ऋषिकेश से: एयरपोर्ट तिराहा-SDRF तिराहा-थानो रोड-महाराणा प्रताप तिराहा-पुलिया नंबर-6-लाडपुर-सहस्रधारा क्रॉसिंग-IT पार्क-किरशाली चौक-साईं मंदिर-कुठालगेट होते हुए मसूरी जाएं।
डोईवाला से: मोहकमपुर फ्लाईओवर-कैलाश अस्पताल से U-टर्न-जोगीवाला-पुलिया नंबर-6-लाडपुर-सहस्रधारा क्रॉसिंग-IT पार्क-किरशाली चौक-साईं मंदिर-कुठालगेट का रूट तय किया गया है। दबाव बढ़ने पर मियांवाला-नत्थूवाला-पुलिया नंबर-6 वाला वैकल्पिक रूट इस्तेमाल किया जा सकता है।
हरिद्वार से: नेपाली फार्म-भानियावाला-थानो रोड के रास्ते वाहन भेजे जाएंगे।
ट्रैफिक प्लान: ऋषिकेश-तपोवन जाने वालों के लिए
सामान्य रूट: सप्तऋषि-रायवाला-नेपाली फार्म-श्यामपुर चौकी-नटराज चौक-ढालवाला-भद्रकाली-बाईपास-तपोवन-ब्रह्मपुरी-शिवपुरी।
भीड़ बढ़ने पर: नेपाली फार्म से लालतप्पड़-भानियावाला-रानीपोखरी-नटराज चौक होते हुए वाहन भेजे जाएंगे। यातायात का दबाव अत्यधिक बढ़ने पर भारी वाहनों को नेपाली फार्म से देहरादून की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ऋषिकेश में भारी वाहनों को रात में नो-एंट्री खुलने के बाद ही प्रवेश मिलेगा।
पार्किंग: कहां करें?
मसूरी: पिक्चर पैलेस, लंढौर रोड, कैंप्टी टैक्सी स्टैंड, टाउन हॉल के नीचे, किंग क्रेग, कंपनी गार्डन रोड, मैसानिक लॉज बस अड्डा और उपलब्ध होटल पार्किंग।
ऋषिकेश: ट्रांजिट कैंप, भरत इंटर कॉलेज और IDPL पोस्ट ऑफिस के पास। ढालवाला और ISBT पार्किंग भरने पर IDPL की अस्थायी पार्किंग में वाहन खड़े कराए जाएंगे।
देहरादून: रेंजर्स ग्राउंड, परेड ग्राउंड, पुराना रोडवेज बस अड्डा, काबुल हाउस, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग, MDDA पार्किंग, राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स और जनपथ कॉम्प्लेक्स।
जरूरी निर्देश: वाहन चालकों के लिए
वाहन चालक नो-पार्किंग जोन में गाड़ी खड़ी न करें। गलत पार्किंग पर क्रेन से वाहन टो किया जा सकता है और नियमानुसार कार्रवाई होगी। चंद्रभागा पुल से जयराम आश्रम तिराहे तक हरिद्वार रोड को ऑटो-विक्रम के लिए जीरो जोन घोषित किया गया है। यहां सवारी बैठाने या उतारने के लिए वाहन नहीं रोक सकेंगे।
अनावश्यक हॉर्न न बजाएं और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसे आपातकालीन वाहनों को रास्ता दें। यात्रा शुरू करने से पहले देहरादून पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और नैनीताल पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर ताजा अपडेट देख लें।
पर्यटक और श्रद्धालु निर्धारित रूट, पार्किंग और डायवर्जन का पालन करें। भीड़ बढ़ने पर मौके की स्थिति के अनुसार ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है। घर से निकलने से पहले अपने गंतव्य का रूट और पार्किंग जरूर जांच लें।
