भ्रष्टाचार रोधी नियमों का उल्लंघन, International Cricket Council ने Jevon Searles समेत तीन लोगों को किया सस्पेंड
‘बिम10’ टूर्नामेंट से जुड़े आरोप
आईसीसी के बयान के अनुसार तीनों पर 2023-24 में खेले गए BIM10 Tournament से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं, जो क्रिकेट वेस्टइंडीज एंटी-करप्शन कोड के दायरे में आते हैं। इसके अलावा टीम अधिकारी ग्रिफिथ पर अंतरराष्ट्रीय मैचों से जुड़ा एक अतिरिक्त आरोप भी है, जो सीधे आईसीसी एंटी-करप्शन कोड के तहत आता है।
तुरंत प्रभाव से निलंबन
आईसीसी ने बताया कि तीनों को तत्काल प्रभाव से क्रिकेट से निलंबित कर दिया गया है। हालांकि उन्हें आरोपों का जवाब देने के लिए 11 मार्च 2026 से 14 दिन का समय दिया गया है। इस दौरान वे अपने बचाव में जवाब दाखिल कर सकते हैं।
अलग-अलग धाराओं में आरोप
आईसीसी के अनुसार चितरंजन राठौड़ पर क्रिकेट वेस्टइंडीज कोड के तहत तीन आरोप लगाए गए हैं, जबकि सियरल्स पर चार आरोप दर्ज किए गए हैं। वहीं टीम अधिकारी ग्रिफिथ पर क्रिकेट वेस्टइंडीज कोड के तहत चार और आईसीसी कोड के तहत एक अतिरिक्त आरोप लगाया गया है।
मैच फिक्सिंग से जुड़े आरोप
क्रिकेट वेस्टइंडीज एंटी-करप्शन कोड के आर्टिकल 2.1.1 के तहत आरोप है कि ‘बिम10’ टूर्नामेंट 2023-24 के मैचों के नतीजे, आचरण या किसी अन्य पहलू को फिक्स करने, फिक्स करने की कोशिश करने या अनुचित तरीके से प्रभावित करने की कोशिश की गई। इसके अलावा आर्टिकल 2.1.4 के तहत खिलाड़ियों को भ्रष्ट गतिविधियों के लिए उकसाने, निर्देश देने या सुविधा उपलब्ध कराने के आरोप भी शामिल हैं।
जांच में सहयोग न करने का आरोप
आर्टिकल 2.4.4 के तहत आरोप है कि संभावित भ्रष्टाचार के मामलों की जांच में अधिकारियों के साथ उचित सहयोग नहीं किया गया। वहीं सियरल्स और ग्रिफिथ पर आर्टिकल 2.4.2 के उल्लंघन का भी आरोप है, जिसके तहत किसी भी संदिग्ध संपर्क या प्रस्ताव की जानकारी क्रिकेट वेस्टइंडीज को देना अनिवार्य होता है।
ग्रिफिथ पर अतिरिक्त आरोप
ग्रिफिथ पर आईसीसी एंटी-करप्शन कोड के आर्टिकल 2.4.7 के उल्लंघन का भी आरोप लगाया गया है। इसके तहत आरोप है कि उन्होंने एंटी-करप्शन यूनिट की जांच में बाधा डालने, जरूरी जानकारी छिपाने या सबूतों से छेड़छाड़ करने की कोशिश की।
आईपीएल में भी खेल चुके हैं सियरल्स
गौरतलब है कि Javon Searles वेस्टइंडीज अंडर-19 टीम के लिए खेल चुके हैं और 2018 में Kolkata Knight Riders की ओर से Indian Premier League में भी हिस्सा ले चुके हैं। फिलहाल आईसीसी की इस कार्रवाई के बाद उनके क्रिकेट करियर पर सवाल खड़े हो गए हैं।
