November 6, 2026

USA में भारतवंशी नित्या रामन ने रचा इतिहास…. लॉस एंजिल्स की नई मेयर बनी, भड़के ट्रंप

0
0000000000000000000-1793946918

वाशिंगटन।
भारतीय मूल (Indian origin) की नित्या रामन (Nithya Raman) ने अमेरिकी मिडटर्म चुनावों (American Midterm Elections) में इतिहास रच दिया है। नित्या रामन ने अमेरिका के दूसरे सबसे बड़े शहर में बड़ा उलटफेर करते हुए मौजूदा मेयर करेन बास को हरा दिया है। इसके साथ ही वे लॉस एंजिल्स (Los Angeles) की नई मेयर बन गई हैं। लेकिन उनकी यह जीत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (American President Donald Trump) को रास नहीं आई है। ट्रंप ने चुनावों में धांधली का इल्ज़ाम लगा दिया है। दरअसल ट्रंप देश में वामपंथी नेताओं की जीत पर भड़क गए हैं।

बता दें कि अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी ने अमेरिका के दोनों सदनों पर नियंत्रण खो दिया है। इससे ट्रंप बौखलाये हुए हैं। अब वामपंथियों की जीत से उनकी बौखलाहट और बढ़ गई है। अब ट्रंप ने लॉस एंजिल्स और वाशिंगटन डीसी में प्रगतिशील उम्मीदवारों की चुनावी जीत पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि बड़े अमेरिकी शहरों में ‘डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट’ नेताओं का जीतना तबाही ला सकता है।


3 बड़े शहरों में समाजवादी नेताओं का नेतृत्व

अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट नित्या रामन की जीत के अलावा, जनीस लुईस जॉर्ज भी वाशिंगटन डीसी के नए मेयर बन गए हैं। इससे पहले पिछले साल भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने भी न्यूयॉर्क के मेयर का चुनाव जीतकर इतिहास रचा था। ऐसे में अब अमेरिका के तीन प्रमुख शहरों का नेतृत्व डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट नेताओं के हाथों में होगा।


भड़के ट्रंप

चुनावी नतीजों पर टिप्पणी करते हुए ट्रंप ने कहा, “उन्हें देखना होगा कि आगे क्या होता है। मेरा मतलब है, एक ऐसा समय आएगा जब लोग असंतुष्ट होंगे तो बदलाव होगा। लेकिन दुर्भाग्य से, आमतौर पर यह इतनी देर से होता है कि जब पानी सिर से ऊपर चला जाता है, तो आप किसी शहर, देश या राज्य को कभी वापस पुरानी स्थिति में नहीं ला पाते।” इतिहास का हवाला देते हुए ट्रंप ने कहा, “अगर आप इतिहास को देखें, तो यह एक तबाही साबित होने वाला है। एक तबाही होगी। मैं न्यूयॉर्क के एक बहुत अच्छे सज्जन से निपटता हूं, उनके साथ मेरे संबंध बहुत अच्छे हैं। देखते हैं यह सब कैसे आगे बढ़ता है।”


लॉस एंजिल्स चुनाव नतीजों पर उठाए सवाल

ट्रंप ने लॉस एंजिल्स के मेयर चुनाव के नतीजों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने रूढ़िवादी उम्मीदवार स्पेंसर प्रैट की हार पर आश्चर्य जताते हुए चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया। ट्रंप ने कहा, “मैंने लॉस एंजिल्स का चुनाव देखा और यह एक बहुत ही शर्मनाक घटना थी, क्योंकि मुझे और बाकी सभी को लगा था कि स्पेंसर प्रैट फाइनल में होंगे।” बिना कोई सबूत दिए ट्रंप ने आगे कहा, “हमारे चुनाव इतने भ्रष्ट हैं, आपको इसका अंदाजा भी नहीं है।”

नित्या रामन कौन?
‘डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स ऑफ अमेरिका’ के समर्थन से मैदान में उतरीं 45 वर्षीय रामन ने शहर में कई सुधारों के वादों के दम पर यह जीत दर्ज की है। इससे पहले शुरुआत में अपनी राजनीतिक सहयोगी करेन बास का समर्थन करने के बाद, नामांकन की अंतिम तिथि से ठीक पहले नित्या रामन का मेयर चुनाव की रेस में उतरना बेहद चौंकाने वाला कदम था। नित्या रामन का जन्म 1981 में भारत के केरल में हुआ था और वे छह साल की उम्र में अमेरिका चली गई थीं। यहां उन्होंने प्रतिष्ठित हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से स्नातक किया और MIT से मास्टर डिग्री हासिल की। पढ़ाई पूरी करने के बाद कुछ समय उन्होंने भारत में भी काम किया। हालांकि 2013 में वे लॉस एंजिल्स शिफ्ट हो गईं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *