जम्मू-सियालदह एक्सप्रेस पर पथराव, इंजन का शीशा टूटा; वंदेभारत को रास्ते में रोका, जांच में जुटीं एजेंसियां
सांबा। जम्मू-कश्मीर के सांबा के पास सोमवार देर रात जम्मू-सियालदह एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई। करीब 9:30 बजे हुई इस घटना में ट्रेन के इंजन का सामने का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद सुरक्षा बलों और पुलिस ने मौके तथा आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद डीजीपी नलिन प्रभात भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच किए जाने की जानकारी दी। पुलिस और सुरक्षा बलों की टीमें रेलवे ट्रैक के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी जांच कर रही हैं।
चालक ने पहले फायरिंग की दी थी जानकारी
सांबा के एसपी अनुज कुमार ने बताया कि ट्रेन के इंजन का शीशा क्षतिग्रस्त हुआ है। उनके अनुसार, ट्रेन चालक ने शुरुआत में फायरिंग की बात कही थी, लेकिन रात करीब 1:30 बजे तक की जांच में मामला पथराव का सामने आया।
उन्होंने कहा कि पुलिस के साथ सुरक्षा बल भी रेलवे ट्रैक की जांच कर रहे हैं और आसपास के इलाकों पर नजर रखी जा रही है।
वंदेभारत को रास्ते में रोका गया
जम्मू-सियालदह एक्सप्रेस पर पथराव की घटना के बाद सुरक्षा कारणों से दिल्ली-कटरा वंदेभारत एक्सप्रेस को भी कठुआ और सांबा के बीच रोक दिया गया। इसके चलते ट्रेन करीब तीन घंटे की देरी से जम्मू पहुंची।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पथराव करने वालों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों की जांच कर रही हैं।
पहले भी आतंकी वारदात का गवाह रहा है यह रेल मार्ग
सांबा-जम्मू रेल मार्ग का सुरक्षा के लिहाज से पुराना संवेदनशील इतिहास रहा है। 10 फरवरी 2000 को इसी रेल मार्ग पर जम्मू तवी-सियालदह एक्सप्रेस के सात डिब्बे आईईडी विस्फोट में पटरी से उतर गए थे। इस आतंकी वारदात में पांच यात्रियों की मौत हुई थी।
मौजूदा घटना के बाद रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एजेंसियां सतर्क हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
