September 3, 2026

अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी पर लगाया TMC दफ्तर में घुसकर तोड़फोड़ का आरोप, बोले- कार्यकर्ताओं को पीटा, फोन छीने

0
photo-4-1-1788410088

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने कोलकाता के कैमक स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय में तड़के हमला और तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि सुबह करीब 4:30 बजे हथियारों से लैस हमलावर कार्यालय में घुसे और वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। उन्होंने घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर साझा किया है।

अभिषेक बनर्जी ने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि कैमक स्ट्रीट पर सुबह हुई घटना कानून के शासन पर शर्मनाक हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के गुंडों ने हथियारों के साथ पार्टी कार्यालय पर धावा बोला। इस दौरान कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया, उनके फोन छीन लिए गए, फर्नीचर तोड़ा गया, परिसर में तोड़फोड़ की गई और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंचाया गया।

कोलकाता पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
अभिषेक बनर्जी ने घटना को लेकर कोलकाता पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और वकीलों की ओर से लगातार फोन कॉल और ईमेल किए जाने के बावजूद करीब दो घंटे तक पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। बनर्जी ने इसे बेहद चौंकाने वाला और पूरी तरह अस्वीकार्य बताया।

उन्होंने सवाल किया कि अगर सुबह 4:30 बजे हथियारों से लैस लोग किसी राजनीतिक दल के कार्यालय में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ कर सकते हैं और उस दौरान पुलिस मौजूद नहीं होती, तो पश्चिम बंगाल में कानून के शासन का क्या अर्थ रह जाता है।

‘हथियारबंद गुंडों का समूह कानून से ऊपर नहीं’
टीएमसी नेता ने प्रशासन से मामले में तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल या हथियारबंद गुंडों का समूह कानून से ऊपर नहीं हो सकता। अभिषेक बनर्जी ने हमले में शामिल सभी लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए यह भी जांच कराने की बात कही कि हिंसा की साजिश किसने रची।

उन्होंने कहा कि बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस कार्रवाई करने में क्यों नाकाम रही, इसकी भी जांच होनी चाहिए। बनर्जी ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पूरे मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *