बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अवसर, वेल्थ एग्जीक्यूटिव और क्रेडिट एनालिस्ट पदों पर नियुक्तियां
जारी रिक्तियों में सबसे अधिक पद वेल्थ एग्जीक्यूटिव के हैं। वेल्थ मैनेजमेंट सर्विसेज के तहत जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-I में वेल्थ एग्जीक्यूटिव के 1000 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा कॉर्पोरेट और इंस्टीट्यूशनल क्रेडिट विभाग में मिडिल मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-II के क्रेडिट एनालिस्ट के 100 पद निर्धारित किए गए हैं।
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और अनुभव की शर्तें पूरी करनी होंगी। वेल्थ एग्जीक्यूटिव पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी भी विषय में स्नातक होना जरूरी है। इसके साथ भारतीय बीमा संस्थान से आईसी-38 प्रमाणपत्र या निर्धारित समकक्ष योग्यता भी आवश्यक है।
क्रेडिट एनालिस्ट पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री के साथ चार्टर्ड अकाउंटेंट की योग्यता होना जरूरी है। दोनों पदों के लिए उम्मीदवारों से संबंधित क्षेत्र में निर्धारित कार्य अनुभव भी मांगा गया है। पद के अनुसार न्यूनतम एक से दो वर्ष का अनुभव आवश्यक है।
आयु सीमा की बात करें तो आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु पद के अनुसार 21 से 22 वर्ष और अधिकतम आयु 32 से 33 वर्ष निर्धारित है। आयु की गणना 1 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट का लाभ मिलेगा।
चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी। उम्मीदवारों के आवेदन की प्रारंभिक जांच के बाद ऑनलाइन टेस्ट आयोजित किया जा सकता है। इसके बाद साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप डिस्कशन और या इंटरव्यू जैसे चरणों से उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में दस्तावेज सत्यापन समेत अन्य निर्धारित चरण भी शामिल रहेंगे।
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार निर्धारित वेतनमान दिया जाएगा। वेल्थ एग्जीक्यूटिव पद के लिए वेतनमान 48,480 रुपये से 85,920 रुपये के बीच है, जबकि क्रेडिट एनालिस्ट पद के लिए 64,820 रुपये से 93,960 रुपये के बीच वेतनमान निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त पात्र कर्मचारियों को नियमों के अनुसार विभिन्न लाभ और भत्ते भी मिलेंगे।
आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी के अनुसार निर्धारित शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 750 रुपये रखा गया है। वहीं एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी, ईएसएम और महिला उम्मीदवारों के लिए शुल्क 175 रुपये निर्धारित किया गया है।
इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना पात्रता, आयु सीमा, अनुभव, दस्तावेज और अन्य शर्तों की जांच कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। आवेदन में किसी तरह की त्रुटि से बचने के लिए जमा करने से पहले सभी जानकारियों और दस्तावेजों को ध्यानपूर्वक जांचना जरूरी होगा।
