DevBhoomi Weather: उत्तराखंड में आज भी बारिश की चेतावनी
- हरिद्वार, देहरादून समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
मानसून ने उत्तराखंड में तेजी पकड़ ली है। सोमवार को बागेश्वर जनपद में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के बाकी जनपदों में भी दिन में कई दौर की बारिश के आसार हैं। देहरादून, हरिद्वार समेत बाकी जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मौसम के जानकारों का मानना है कि हल्द्वानी व आसपास के कई क्षेत्रों में भी शाम के समय बारिश हो सकती है।
इसके साथ ही मौसम विभाग ने 7 से 11 जुलाई के बीच भी पूरे राज्य में बारिश की संभावना जताई है।
दून में कहीं हुई बारिश, कुछ रहे सूखे
रविवार को देहरादून में मौसम का मिजाज बदला-बदला रहा। घने बादल दिन भर आसमान में डेरा जमाए रहे, इसके कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। पूरे शहर में बारिश भले ही एक समान नहीं हुई। लेकिन, कुछ जगहों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, वहीं कई क्षेत्र इस दौरान पूरी तरह बारिश से अघूते रहे। राजपुर रोड के आसपास सुबह के समय तकरीबन 11 बजे तेज बारिश से सड़कें भीग गईं और तापमान में भी कमी आई। इसके अतिरिक्त शहर के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई। इस दौरान शहर में कई जगहों पर बादल छाए तो लेकिन पानी नहीं बरसा।
अधिकतम तापमान दिनभर धूप नहीं निकलने के चलते सामान्य से कम बना रहा। वातावरण में बादलों के छाने के चलते ठंडक बनी रही, ऐसे में लोगों ने पिछले कुछ दिनों से लगातार ने उमस की स्थिति से राहत ली। मौसम में बदलाव व इसके सुहावने होने से लोगों की पार्कों व बाजारों में आवाजाही में इजाफा हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में इन दिनों मानसूनीगतिविधियां सक्रिय हैं।
