मप्रः इंदौर में पार्किंग में खड़ी तीन बसों में लगी भीषण आग
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में भवरकुआं पुलिस स्टेशन के तीन इमली स्थित प्राइवेट बसों की पार्किंग में खड़ी तीन बसों में आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल का गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीनों बसें जलकर खाक हो गईं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात तीन इमली स्थित पार्किंग में खड़ी तीन बसों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही भंवरकुआं पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर मौजूद रहीं।
ट्रैफिक पुलिस के प्रधान आरक्षक मुकेश लश्करी ने बताया कि आग की लपटें दिखाई देने पर वे फौरन मौके पर पहुंचे। सीटी बजाकर ड्राइवरों को अलर्ट किया। ड्राइवरों से बसों को तुरंत बाहर निकालने के लिए कहा। इस दौरान 25 से ज्यादा बसें खड़ी थीं, जिन्हें तुरंत हटवाया। साथ ही सड़क पर मौजूद भीड़ को भी हटाया गया, ताकि वहां जाम की स्थिति न बने। मुकेश लश्करी के अनुसार, पहले एक बस में आग लगी थी, जिसके बाद उसके पास खड़ी दो अन्य बसें भी आग की चपेट में आ गईं।
जूनी इंदौर के सहायक पुलिस आयुक्त विजय चौधरी ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि हादसे में तीन प्राइवेट बसें जलकर खाक हो गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक जली हुई बसें श्रीनाथ बस, निधि बस और देवा बस बताई जा रही हैं। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के मुताबिक आग बुझाने में करीब 30 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल करना पड़ा। मौके पर दमकल की तीन गाड़ियां और तीन से चार पानी के टैंकर पहुंचाए गए थे। इनमें एक गाड़ी गांधी हॉल फायर स्टेशन से और दो गाड़ियां मोती तबेला फायर स्टेशन से भेजी गई थीं। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
भंवरकुआं पुलिस के मुताबिक आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आग लगने की असली वजह सामने आ सके।
