October 7, 2026

सीएम धामी का उत्तरकाशी दौरा : विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर की घोषणा

0
UtterKashi-CM Dhami
  • भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को उत्तरकाशी दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर और मां शक्ति मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद रामलीला मैदान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में शामिल हुए और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाए जाने की घोषणा की। साथ ही भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की बात कही।

जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश की सेवा कर रहे हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए अब व्यवस्था को उनके घर तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नर सेवा नारायण सेवा के भाव के साथ हर व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने की बात कही।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। बाबा केदार की धरती से प्रधानमंत्री ने कहा था कि 21वीं सदी उत्तराखंड की होगी। उन्होंने प्रदेश में मातृशक्ति को सशक्त करने के लिए लखपति दीदी योजना समेत विभिन्न पहलों का जिक्र किया। सीएम ने दावा किया कि उत्तराखंड में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन हुआ है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वहीं, कांग्रेस ने सीएम के कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। विरोध की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश सचिव मनीष राणा को हिरासत में लिया। इसके अलावा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने उनके घरों से हिरासत में लिया।

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *