October 16, 2026

चमोली समाचार: अस्पताल से अचानक बिना बताए निकली गर्भवती, बच्चे को नृसिंह मंदिर पैदल मार्ग पर दिया जन्म

0
Chamoli delivery case
  • अस्पताल प्रशासन के उड़े होश, जानिए पूरा मामला…

प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची नेपाली मूल की गर्भवती महिला अस्पताल से बिना बताए बाहर निकल गई। जिसके बाद महिला ने नृसिंह मंदिर पैदल मार्ग पर पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास बच्चे को जन्म दे दिया। मामला चमोली जिले के जोशीमठ का है। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आनन-फानन में जच्चा-बच्चा को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, अस्पताल प्रशासन की मानें तो दोनों सुरक्षित हैं।

जानकारी के मुताबिक, नेपाली मूल की विजय लक्ष्मी गुरुवार सुबह प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ पहुंची थीं। जिस पर डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर लिया था। जांच के दौरान महिला के पास पूर्व में कराई गई जांचों से संबंधित रिपोर्ट नहीं मिली। अस्पताल अधीक्षक डॉ. गौतम कुमार की मानें तो पूछताछ में महिला ने बताया कि वो चार दिन पहले ही नेपाल से जोशीमठ पहुंची थी। उस समय अस्पताल में पहले से ही एक अन्य महिला का प्रसव कराया जा रहा था।

इसके बाद विजय लक्ष्मी का प्रसव कराया जाना था लेकिन, इससे पहले ही वो बिना किसी को बताए अस्पताल से बाहर निकल गईं। महिला के अचानक गायब हो जाने से अस्पताल प्रशासन, डॉक्टर और स्टाफ के होश उड़ गए। महिला के अस्पताल से चले जाने की जानकारी मिलने पर डॉक्टरों ने आनन-फानन में थाना जोशीमठ को सूचना दी। जिसके बाद महिला की तलाश शुरू की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम महिला को ढूढने निकली ही थी कि तभी स्थानीय लोगों ने नृसिंह मंदिर पैदल मार्ग पर महिला के प्रसव होने की सूचना स्वास्थ्य केंद्र को दी। सूचना मिलने के बाद टीम तुरंत पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास पहुंची जहां पर महिला प्रसव पीड़ा में थी, यहां पैदल मार्ग पर ही महिला ने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने जच्चा और नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी डॉ गौतम ने बताया कि अस्पताल ने दोनों स्वास्थ हैं।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ के अस्पताल अधीक्षक डॉ. गौतम कुमार का कहना है कि महिला और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता दी और दोनों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *