June 13, 2026

Dehradun IMA: नया इतिहास, देश को पहली बार आईएमए से मिलीं नौ महिला सैन्य अफसर

0
IMA- Main
  • राष्ट्रपति बोलीं-यह बदलती तस्वीर

उत्तराखंड के देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में शनिवार को एक नया इतिहास बन गया। अकादमी की पासिंग आउट परेड (पीओपी) में पहली बार नौ महिला सैन्य अफसर पासआउट होकर भारतीय सेना का हिस्सा बनीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में कुल 515 जेंटलमैन कैडेट्स ने अंतिम पग पार कर सैन्य जीवन की नई शुरुआत की। इनमें 481 भारतीय कैडेट और 16 मित्र देशों के 34 कैडेट शामिल रहे।

आईएमए के ऐतिहासिक मैदान में सुबह से ही उत्साह और गौरव का माहौल रहा। परेड की शुरुआत सुबह 6:40 बजे हुई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चैटवुड भवन पहुंचीं और परेड की सलामी ली। इस दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत सेना और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

कैडेट्स ने कदमताल करते हुए सैन्य अनुशासन, राष्ट्रसेवा और समर्पण की भावना का प्रदर्शन किया। परेड का ऐतिहासिक क्षण वह रहा, जब पहली बार सैन्य अफसर के रूप में आईएमए से प्रशिक्षित नौ महिला कैडेट्स पासआउट हुईं।

इस वर्ष की पासिंग आउट परेड में शामिल 515 कैडेट्स में नौ महिला कैडेट्स सहित कुल 481 भारतीय कैडेट थे। इनके अलावा 16 मित्र देशों के 34 कैडेट्स ने भी प्रशिक्षण पूरा किया और अपने-अपने देशों की सेनाओं का हिस्सा बने। परेड के बाद पीपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसमें नव नियुक्त सैन्य अधिकारियों के कंधों पर रैंक सजाई गई।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को ही देहरादून पहुंच गई थीं। जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन और डीजीपी दीपम सेठ ने उनका स्वागत किया था। इसके बाद राष्ट्रपति राष्ट्रपति निकेतन पहुंचीं और विभिन्न गणमान्य लोगों से मुलाकात की।

यह दूसरा अवसर है जब किसी महिला राष्ट्रपति ने आईएमए की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल भी परेड की सलामी ले चुकी हैं।

इस बार की परेड ने न केवल 515 युवा अधिकारियों को सेना को सौंपा, बल्कि पहली बार नौ महिला सैन्य अफसरों के पासआउट होने के साथ भारतीय सैन्य इतिहास में एक नया अध्याय भी जोड़ दिया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में सभी कैडेट्स को सफल प्रशिक्षण के लिए बधाई दी। उन्होंने प्रशिक्षण देने वाले अधिकारियों की मेहनत की भी सराहना की। राष्ट्रपति ने कहा कि यहां से केवल सैन्य प्रशिक्षण ही नहीं बल्कि दया और करुणा जैसे मानवीय मूल्य भी मिलते हैं, जिन्हें अधिकारी आगे अपने सेवा जीवन में अपनाएंगे। उन्होंने सभी ऑफिसर कैडेट्स को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

हेलिकॉप्टर से कैडेट्स पर पुष्पवर्षा
समारोह के दौरान पासआउट कैडेट्स पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा माहौल उत्सव और गर्व से भर गया। इसके बाद तीन हेलिकॉप्टरों ने भारतीय तिरंगा, सेना का ध्वज और आईएमए का ध्वज लेकर परेड ग्राउंड के ऊपर फ्लाईपास्ट किया।

इस वर्ष की पासिंग आउट परेड में विभिन्न कोर्सों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित भी किया गया। स्वॉर्ड ऑफ ऑनर विशाल कुमार को मिला, जिन्होंने आरईजी कोर्स में प्रथम स्थान भी प्राप्त किया। प्रिंस राज को सिल्वर मेडल, तेजस भट्ट को ब्रॉन्ज मेडल, जबकि टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स में हृषभ मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा टीईएस कोर्स में करन पांडे और स्पेशल कमीशन में बोधराज थापा को भी सम्मान मिला। बांग्लादेश के कैडेट को बेस्ट फॉरेन कैडेट पुरस्कार दिया गया।

यह अवसर भारतीय सैन्य इतिहास में इसलिए भी विशेष बन गया क्योंकि यह दूसरा मौका था जब किसी महिला राष्ट्रपति ने आईएमए पीओपी की सलामी ली। इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल भी इस गौरवशाली परेड में शामिल हो चुकी हैं।

आईएमए 158वीं पासिंग आउट परेड : पुरस्कार विजेताओं की सूची

1. ऑफिसर कैडेट विशाल कुमार
स्वॉर्ड ऑफ ऑनर (बेस्ट अमंग ऑफिसर कैडेट्स)
गोल्ड मेडल (आरईजी कोर्स में प्रथम स्थान)
2. ऑफिसर कैडेट बोधराज थापा
गोल्ड मेडल (स्पेशल कमीशन)
3. ऑफिसर कैडेट प्रिंस राज
सिल्वर मेडल (आरईजी कोर्स में द्वितीय स्थान)
4. ऑफिसर कैडेट करन पांडे
सिल्वर मेडल (टीईएस कोर्स में प्रथम स्थान)
5. ऑफिसर कैडेट हृषभ मिश्रा
टीजीसी सिल्वर मेडल (टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स में प्रथम स्थान)
6. ऑफिसर कैडेट तेजस भट्ट
ब्रॉन्ज मेडल (आरईजी कोर्स में तृतीय स्थान)
7. बांग्लादेश के कैडेट
बेस्ट फॉरेन कैडेट पुरस्कार

कुल 7 प्रमुख सम्मान प्रदान किए गए।
0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *