April 26, 2026

Kumbh 2027: हरिद्वार पहुंचे सीएम धामी, कुंभ के कार्याें को लेकर की बैठक

0
CM Dhami at haridwar
  • जगतगुरु से लिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह सिंह धामी आज हरिद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने डामकोठी में कुंभ कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक और व्यक्तिगत पूजा अनुष्ठान संपन्न करने के बाद वह जगतगुरु आश्रम पहुंचे। उन्होंने जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्व राश्रम महाराज से आशीर्वाद लिया।

 

यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार कुंभ से पहले सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और पार्किंग व्यवस्था से जुड़े स्थायी प्रकृति के कार्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। हरिद्वार में कुंभ की तैयारियों की समीक्षा बैठक के दाैरान उन्होंने मुख्य सचिव से फोन पर वार्ता की और शासन स्तर पर रुकी परियोजनाओं को तत्काल स्वीकृति देने के निर्देश दिए। उन्होंने डामकोठी के बगल में एक और अतिथि गृह के लिए योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

हरिद्वार शहर में सोमवार को सीएम कुल 5 घंटे 45 मिनट तक रहे। इस दौरान उन्होंने कुंभ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। डामकोठी में आयोजित बैठक के दौरान मुख्यमंत्री का पूरा जोर स्थायी प्रकृति के निर्माण कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने पर रहा। उन्होंने प्रोजेक्टर के माध्यम मेला प्रशासन से जीपीएस सिस्टम पर चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति और प्रगति देखी।

उन्होंने कुंभ जैसे विराट आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे इसके लिए निरंतर निगरानी और आपसी समन्वय पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेला आयोजन में सभी हितधारकों, धार्मिक और सामाजिक संगठनों के साथ संत समाज का पूर्ण सहयोग लिया जाएगा। स्पष्ट किया कि कुंभ से संबंधित कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

सुनिश्चित की जाए: सभी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा, वर्षाकाल के साथ कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख कार्यों के क्रियान्वयन की रणनीति बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कुंभ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के दौरान कहा कि इस आयोजन में आधुनिक तकनीकों और सुविधाओं से सुसज्जित इंटीग्रेटेड कंट्रोल और कमांड सेंटर की स्थापना की जाएगी।

जल्द मिलेगी: सीसीआर-2 के लिए वित्तीय स्वीकृति
मुख्यमंत्री ने मेला नियंत्रण भवन के पास प्रस्तावित सीसीआर-2 भवन परियोजना की समीक्षा के दौरान भेजे गए प्रस्ताव पर चर्चा की। इसमें अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय स्वीकृति मिलने का इंतजार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले के सुचारु प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण इस परियोजना को शीघ्र वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जाएगी। उन्हाेंने कहा कि श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए खड़खड़ी पुल और श्रीयंत्र पुल निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करना होगा। उन्होंने मौजूद स्थिति पर कहा कि इस परियोजना को प्राथमिकता देनी होगी। इसके अलावा ऋषिकेश और मुनीकीरेती सहित कुंभ क्षेत्र के सभी सेक्टरों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता के साथ सीवरेज प्रबंधन के कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

जानकारी: मेलाधिकारी सोनिका ने 33 परियोजनाओं पर चल रहे कार्यों की दी 
बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क, पुल, घाटों के निर्माण के साथ-साथ जलापूर्ति, चिकित्सा, सुरक्षा और मेला प्रबंधन से संबंधित स्थायी प्रकृति के कुल 33 कार्य निर्माणाधीन हैं। उन्होंंने कहा कि सभी परियोजनाओं पर निर्धारित समय सीमा के अनुसार कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि कुंभ मेले के तहत मनसा देवी मंदिर और चंडी देवी मंदिर के मार्गों के सुधार की योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *