March 10, 2026

Haldwani Samachar: कालू सिद्ध मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की पूजा-अर्चना

0
cm dhami at kalu Siddh Mandir

– नवनिर्मित परिसर का किया निरीक्षण

हल्द्वानी स्थित ऐतिहासिक व आस्था के प्रमुख केंद्र कालू सिद्ध मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर मंदिर में छत्र चढ़ाया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान करीब 20 मिनट तक मुख्यमंत्री धामी पूजन विधि में सम्मिलित हुए साथ ही उन्होंने नव निर्मित भव्य मंदिर परिसर का निरीक्षण भी किया। पूजन विधि आचार्य डॉ. भूवन चंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में 16 आचार्यों द्वारा संपन्न कराई गई। प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इससे पहले मंदिर आगमन पर कलश लेकर पहुंची महिलाओं ने परंपरागत वेशभूषा में सीएम धामी का स्वागत किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री का मंदिर परिसर में मंदिर समिति अध्यक्ष एवं पीठाधीश महंत कालू गिरी महाराज और महंत त्रिवेणी गिरी महाराज के सानिध्य में संतों ने रुद्राक्ष माला पहनाकर अभिनंदन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण योजना के अंतर्गत ऐतिहासिक कालू सिद्ध मंदिर का स्थान परिवर्तन कर नवीन स्थल पर भव्य रूप से पुनर्निर्माण किया गया है। यह मंदिर क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसके सौंदर्यपूर्ण निर्माण में मंदिर समिति का योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर मुख्य रूप से सांसद अजय भट्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, विधायक बंशीधर भगत (कालाढूंगी), विधायक राम सिंह कैड़ा (भीमताल), मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर ‘डब्बू’, राज्य दर्जा मंत्री सुरेश भट्ट, दिनेश आर्य, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, रेनू अधिकारी, नवीन वर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। इनके अलावा यहां कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, डीआईजी कुमाऊं रिद्धिमा अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा, नगर आयुक्त ऋचा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *