September 26, 2026

ओमान की टीम में 9 अल बलूशी खिलाड़ी एशियन गेम्स में एक ही परिवार नाम ने खींचा सबका ध्यान

0
untitled-1790406129

नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबलों के बीच ओमान की टीम अपनी हार से ज्यादा एक अनोखे संयोग को लेकर चर्चा में आ गई है। हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ मुकाबले में ओमान की प्लेइंग इलेवन में एक ही सरनेम वाले सात खिलाड़ी मैदान पर उतरे। यही नहीं ओमान के पूरे स्क्वॉड में इस सरनेम वाले खिलाड़ियों की संख्या नौ है। क्रिकेट मुकाबले में ऐसा संयोग देखकर हर किसी का ध्यान ओमान की टीम की तरफ चला गया।

25 सितंबर को निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में हॉन्ग कॉन्ग और ओमान के बीच मुकाबला खेला गया। हॉन्ग कॉन्ग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 121 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 80 रन ही बना सकी और उसे 41 रन से हार का सामना करना पड़ा।

हालांकि मैच का नतीजा ओमान के पक्ष में नहीं रहा लेकिन उसकी प्लेइंग इलेवन ने खूब सुर्खियां बटोरीं। ओमान की टीम में मोहम्मद अल बलूशी शुऐब अल बलूशी जुबैर अल बलूशी वहीद अल बलूशी ईसा अल बलूशी नवीद अल बलूशी और फारिस अल बलूशी शामिल थे। यानी मैदान पर मौजूद 11 खिलाड़ियों में से सात के नाम के साथ अल बलूशी सरनेम जुड़ा हुआ था।

अगर पूरे स्क्वॉड की बात करें तो वसीम अल बलूशी और कैस अल बलूशी के नाम भी इसी सूची में शामिल हैं। इस तरह ओमान के स्क्वॉड में कुल नौ खिलाड़ी ऐसे हैं जिनके नाम के साथ अल बलूशी जुड़ा हुआ है। यही वजह रही कि मुकाबले के दौरान ओमान की टीम का यह अनोखा संयोग क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

इस मुकाबले में एक और दिलचस्प बात देखने को मिली। ओमान की बल्लेबाजी की शुरुआत भी अल बलूशी सरनेम वाले खिलाड़ियों ने की। मोहम्मद अल बलूशी और शुऐब अल बलूशी के बाद जुबैर अल बलूशी और वहीद अल बलूशी ने बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभाली। हालांकि हॉन्ग कॉन्ग के गेंदबाजों के सामने ओमान के बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। शुऐब अल बलूशी ने सबसे ज्यादा 20 रन बनाए जबकि मोहम्मद ने दो रन जुबैर ने खाता नहीं खोला और वहीद सिर्फ एक रन बना सके। ईसा अल बलूशी ने सात रन बनाए।

गेंदबाजी में भी अल बलूशी नाम का दबदबा देखने को मिला। मोहम्मद अल बलूशी शुऐब अल बलूशी और नवीद अल बलूशी ने मिलकर हॉन्ग कॉन्ग के पांच विकेट हासिल किए। मोहम्मद सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 17 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए।

मोहम्मद अल बलूशी ने इसी साल ओमान के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। वह अब तक छह टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 81 रन है जो उन्होंने बहरीन के खिलाफ बनाया था। शुऐब भी छह टी20 इंटरनेशनल खेल चुके हैं और उनके नाम 117 रन के साथ चार विकेट हैं।

जुबैर अल बलूशी ने भी छह टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं जबकि वहीद ने हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया। नवीद अल बलूशी ने पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों में सात विकेट हासिल किए हैं। फारिस अल बलूशी के नाम दो टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 10 रन हैं।

अब ओमान की टीम के सामने मलेशिया की चुनौती है। क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए यह मुकाबला उसके अभियान में अहम साबित होगा। ऐसे में सभी की नजर इस बात पर होगी कि क्या अल बलूशी सरनेम वाले खिलाड़ियों से सजी ओमान की टीम अगले मुकाबले में अपने प्रदर्शन से भी सुर्खियां बटोर पाती है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *