कौन हैं पैरा तैराक शम्स आलम? जापान में यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार, आजीवन प्रतिबंध का खतरा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नागोया में भारतीय दल के साथ मौजूद PCI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटना की पुष्टि की। अधिकारी ने कथित व्यवहार को निंदनीय बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले किसी खिलाड़ी के ऐसे आचरण को उचित नहीं ठहराया जा सकता।
शम्स आलम पर आजीवन प्रतिबंध की मांग
रिपोर्ट के मुताबिक, PCI के अधिकारी ने कहा कि शम्स आलम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने भारतीय दल की छवि और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने का हवाला देते हुए आजीवन प्रतिबंध की मांग की। हालांकि, इस संबंध में अंतिम फैसला जांच के बाद ही लिया जाएगा।
होटल में हाउसकीपिंग के दौरान हुई घटना
बताया जा रहा है कि यह घटना सोमवार को नागोया के फोर पॉइंट्स बाय शेरेटन होटल में हुई, जहां भारतीय पैरा तैराकी टीम ठहरी हुई थी। आरोप है कि घटना के समय एक महिला कर्मचारी शम्स आलम के कमरे में हाउसकीपिंग का काम कर रही थी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस उन्हें स्थानीय थाने ले गई। रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय अधिकारियों ने मामले को अदालत तक पहुंचने से रोकने के लिए प्रयास किए। इसके बाद लिखित माफी और शम्स आलम को तत्काल जापान छोड़ने के निर्देश दिए जाने की बात कही गई है। घटना के बाद भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने होटल प्रबंधन और संबंधित महिला कर्मचारी से माफी भी मांगी।
कौन हैं शम्स आलम शेख?
मोहम्मद शम्स आलम शेख भारत के पैरा तैराक हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पैरा स्विमिंग में उनकी पहचान एक प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी के रूप में रही है।
– विश्व रैंकिंग: वर्ल्ड पैरा स्विमिंग रिकॉर्ड के अनुसार, शम्स आलम पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाई (S5) और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक (SB4) स्पर्धाओं में दुनिया के नंबर-1 तैराक रह चुके हैं।
– एशियाई पैरा गेम्स: उन्होंने 2018 में जकार्ता में आयोजित एशियाई पैरा खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
– अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि: रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने पिछले साल रेकजाविक इंटरनेशनल गेम्स में 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीता था। इस प्रदर्शन के दौरान भारतीय और एशियाई रिकॉर्ड बनाया था।
