Ind W vs ZIM W: तीसरे T-20 में भारत ने जिम्बाब्वे को 92 रन से हराया…. सीरीज 3-0 से जीती
रायपुर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम (Indian Women’s Cricket Team) ने रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए तीसरे और आखिरी टी20 मुकाबले (Third and Final T20 Match) में जिम्बाब्वे (Zimbabwe) को 92 रनों के बड़े अंतर से मात दे दी है. इस शानदार जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमाते हुए शानदार अंदाज में क्लीन स्वीप कर लिया है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत तेज रही. सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (Shafali Verma) और अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई. अनुष्का ने 20 गेंदों में 28 रनों की पारी खेली, जबकि शेफाली वर्मा ने महज 37 गेंदों पर 69 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
शेफाली और हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) के बीच हुई 84 रनों की शानदार साझेदारी ने पारी को मजबूत रफ्तार दी. इसके बाद पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात कर दी. हरमनप्रीत ने महज 41 गेंदों में नाबाद 91 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 शानदार चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे।
उन्होंने अपनी इस नाबाद पारी के दम पर भारत को निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 216 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया. जिम्बाब्वे की तरफ से बिलव्ड बिजा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए, लेकिन वे भारतीय बल्लेबाजों को रोकने में नाकामयाब रहीं.
जिम्बाब्वे की टीम 124 रनों पर सिमटी
217 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम नियमित अंतराल पर अपने विकेट गंवाती चली गई. जिम्बाब्वे की ओर से शार्ने मायर्स ने संघर्ष करते हुए 49 गेंदों में 60 रन बनाए, जबकि बिलव्ड बीजा ने 44 रनों का योगदान दिया. इनके अलावा टीम की कोई भी अन्य बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सकी. निर्धारित 20 ओवरों में जिम्बाब्वे की टीम 7 विकेट के नुकसान पर 124 रन ही बना पाई. भारतीय गेंदबाजों ने दमदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया.
नंदिनी शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में मात्र 18 रन देकर सबसे ज्यादा 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके. इसके अलावा क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, दीप्ति शर्मा और निकी प्रसाद को 1-1 सफलता हाथ लगी. इस तरह भारतीय टीम ने मुकाबले को 92 रनों से अपने नाम कर सीरीज का शानदार अंत किया.
