Uttarakhand: भाजपा ने पीएम मोदी की माता के लिए अभद्र भाषा को बताया कांग्रेस का नफरती चेहरा
– भाजपा ने की कड़ी आलोचना

भाजपा ने राहुल गांधी के मंच से पीएम मोदी की स्वर्गीय माता के लिए अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए इसे कांग्रेस का असली नफरती चेहरा बताया। सीएम धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इसकी कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि ये वो जुर्म है कि हजार बार भी माफी मांगे, जनता उनको माफ नहीं करने वाली है।
कांग्रेस और आरजेडी के मंच से आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी की स्वर्गीय माताजी के प्रति अभद्र व आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करना अत्यंत ही निंदनीय, अमर्यादित एवं कुत्सित मानसिकता का प्रतीक है।
यह केवल राजनीति की मर्यादा का पतन नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति की जड़ों…
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 28, 2025
मीडिया में जारी अपने बयान में भट्ट ने कहा कि बिहार में कांग्रेस की वोट अधिकार यात्रा के दौरान तेजस्वी और राहुल ने अपने मंच से इतनी गंदी भाषा का प्रयोग कराया है कि उसे सार्वजनिक मंच पर दोहराना भी संभव नहीं है।

उनके नेताओं ने इस यात्रा में अपमान, नफरत और अश्लीलता की सारी सीमाएं पार कर दी हैं। कांग्रेस पार्टी की ओर से दिखाया गया राजनीति का यह सबसे निचला स्तर उनकी नफरत की दुकान का असली चेहरा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी को न देश के स्वाभिमान की चिंता है और न ही प्रदेश की। विभिन्न राज्यों के लोगों को आपस में लड़ाना इनकी रणनीति का हिस्सा रहता है। इसी क्रम में तेजस्वी और राहुल ने पहले बिहार के लोगों का अपमान करने वाले स्टालिन और रेवंत रेड्डी जैसे नेताओं को अपनी यात्रा में बुलाया। उन्होंने कहा, इतने सारे राजनैतिक ड्रामे के बाद भी उनकी यात्रा सफल नहीं हो रही है। यही वजह है कि हताशा में आकर वे प्रधानमंत्री मोदी की स्वर्गीय माता को गाली दिलवा रहे हैं। उन्होंने कहा, यह ऐसी गलती है कि राहुल और तेजस्वी अगर हजार बार कान पकड़कर भी माफी मांगें, तब भी जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।
