7 लाख इंस्टाग्राम फॉलोअर्स और सोशल मीडिया की पहचान, सिंगरौली में इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत से मचा हड़कंप
निधि मूल रूप से वाराणसी की रहने वाली थीं और सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र के भूसा मोड़ इलाके में अपनी मां और छोटी बहन के साथ रहती थीं। रविवार सुबह उनके कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुलने के बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
बताया गया है कि घटना से एक रात पहले निधि ने परिवार के साथ खाना खाने से इनकार कर दिया था। रात करीब 9 से 10 बजे के बीच उन्होंने परिजनों से खुद को कुछ समय के लिए अकेला छोड़ने की बात कही थी। इसके बाद परिवार के लोग सोने चले गए। सुबह काफी देर तक कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे की जांच की। निधि के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही निधि के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
मौत से पहले निधि की ओर से फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट साझा किए जाने की बात सामने आई है। पोस्ट में उन्होंने खुद से प्यार करने और खुद के भीतर अपनी पहचान तलाशने से जुड़ी बातें लिखी थीं। इस पोस्ट के सामने आने के बाद उनके जानने वाले और सोशल मीडिया से जुड़े लोग भी हैरान हैं।
निधि सोशल मीडिया पर लंबे समय से सक्रिय थीं। वह गानों पर डांस रील्स बनाकर उन्हें फेसबुक और इंस्टाग्राम पर साझा करती थीं। उनके वीडियो को बड़ी संख्या में लोग देखते और पसंद करते थे। स्थानीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में भी वह हिस्सा लेती थीं। सोशल मीडिया की लोकप्रियता के साथ उन्होंने सौंदर्य प्रतियोगिताओं में भी अपनी पहचान बनाई थी।
साल 2024 में निधि ने मिस प्रिटी इंडिया का खिताब जीता था। बताया गया है कि उनका सपना फिल्मों में अभिनेत्री के तौर पर काम करने का था। वह अपने सोशल मीडिया कंटेंट के जरिए लगातार अपनी पहचान मजबूत कर रही थीं।
निधि के पिता अशोक तिवारी करीब 15 साल से परिवार से अलग रह रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मौत से पहले निधि किन लोगों के संपर्क में थीं और उनकी आखिरी बातचीत किन लोगों से हुई थी।
फिलहाल पुलिस मौत की वजह से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फोन कॉल, सोशल मीडिया गतिविधियों और परिवार के बयानों के आधार पर घटनाक्रम को समझने की कोशिश की जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
