May 27, 2026

रीठी में हंगामा: महिलाओं सहित ग्रामीणों का आरोप-नशे का अवैध कारोबार और पुलिस पर हफ्ता वसूली

0
untitled-1779799466

कटनी । कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत इमलाज और बांधा गांवों में अवैध शराब और गांजे की बिक्री के खिलाफ मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में अवैध नशे का कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहा है, जिससे युवाओं और नाबालिगों पर बुरा असर पड़ रहा है। गांव का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है और महिलाओं-बेटियों के लिए घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों ने कई नामों पर लगाए आरोप
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सुरेश चौधरी ने आरोप लगाया कि फूलबाई यादव, घीसल काछी और लता चौधरी सहित कुछ लोग खुलेआम अवैध शराब और गांजे का कारोबार कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से तस्करों के हौसले बुलंद हैं।

पुलिस पर भी गंभीर आरोप, जांच की मांग
ग्रामीणों ने रीठी थाना पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस गश्ती दल गांव में आता है, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय कथित रूप से अवैध कारोबारियों से साठगांठ करता है। यहां तक कि कुछ पुलिसकर्मियों पर हफ्ता वसूली और नशा करने तक के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि ग्रामीणों ने इन आरोपों को लेकर कोई ठोस सबूत प्रस्तुत नहीं किए हैं, लेकिन उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

प्रशासन का जवाब: जांच और कार्रवाई के निर्देश
एएसपी डॉ. डेहरिया ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त हुई है और तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर अवैध गतिविधियों की बात कही गई है, वहां पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस पर लगाए गए आरोपों को लेकर उन्होंने कहा कि यदि शिकायतकर्ता साक्ष्य उपलब्ध कराते हैं तो विभागीय जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *