झाबुआ में खाद्य सुरक्षा की बड़ी कार्रवाई: 46 सैंपल्स की जांच, मिलावटी मसाले नष्ट
अभियान के पहले दिन अधिकारियों ने करीब 16 छोटे दुकानदारों और फेरी विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान जीरा, सौंफ, दालचीनी, हल्दी, धनिया, मिर्च और पूजा सामग्री सहित विभिन्न मसालों के नमूने एकत्र किए गए और उनकी मौके पर जांच की गई।
चलित लैब के माध्यम से कुल 46 नमूनों की जांच की गई, जिसमें विशेष रूप से मसालों में मिलाए जाने वाले कृत्रिम रंगों की जांच पर फोकस किया गया। जांच के दौरान दो नमूने अमानक पाए गए, जिससे संबंधित दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई।
कार्रवाई के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने लगभग 700 ग्राम मिलावटी सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी नियमों के उल्लंघन की छूट नहीं दी जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल अलावा ने बताया कि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह चलित प्रयोगशाला अभियान 26 मई तक जारी रहेगा और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इसी तरह औचक निरीक्षण किए जाएंगे।
विभाग के अनुसार, जिले में अब तक मिलावट से जुड़े 24 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से 22 मामलों का निराकरण हो चुका है। इसके अलावा काकनवानी क्षेत्र की एक किराना दुकान से 57 एक्सपायरी कन्फेक्शनरी सामग्री भी जब्त की गई थी, जिसमें दुकान संचालक पर 30 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
फिलहाल प्रशासन की इस कार्रवाई से बाजारों में मिलावटखोरों के बीच सतर्कता बढ़ गई है और आने वाले दिनों में ऐसे निरीक्षण और तेज किए जाने की संभावना है।
