रेलवे परिसर में सनसनी: युवक का शव मिलने से हड़कंप, युवती का दर्दनाक मंजर
मृतक ने काली शर्ट और जींस पहन रखी थी। प्रारंभिक पहचान के अनुसार युवक की शिनाख्त ग्राम पीपलीपाडा, अंतर वेलिया चौकी (मेघनगर) क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय सुखराम निनामा के रूप में हुई है। घटना स्थल की स्थिति ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया है, क्योंकि मौके पर एक युवती शव से लिपटकर रोती हुई देखी गई, जिससे वहां भीड़ जमा हो गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह दृश्य बेहद भावुक और रहस्यमयी था, जिसने घटना को और अधिक सवालों के घेरे में ला दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक वहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
चौकी प्रभारी हीरालाल मालीवाड़ ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस ने परिजनों और मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के पीछे कोई हादसा है, आत्महत्या है या फिर किसी अन्य कारण से यह मौत हुई है।
फिलहाल पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को भी खंगाल रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
