April 24, 2026

Delhi car explosion: दिल्ली में विस्फोट के बाद भारत को मिला वैश्विक समर्थन

0
we all with you

– विस्फोट से लोगों की मौत पर अमेरिका, चीन समेत कई देशों ने दुख जताया
– श्रीलंका, नेपाल, मालदीव, इजरायल ने कहा- हम भारत के साथ हैं

लाल किले के पास विस्फोट के बाद विश्व के कई नेताओं और भारत में विदेशी राजदूतों ने शोक जताया है। अमेरिका और फ्रांस ने अपने नागरिकों को सतर्क रहने और भीड़-भाड़ वाले स्थानों से बचने की सलाह दी है।

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पर पोस्ट किया, हमारी संवेदनाएं उन लोगों के परिवारों के साथ हैं जिनकी नई दिल्ली में हुए भयानक विस्फोट में मौत हो गई। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने कहा कि लाल किले के पास हुए घातक विस्फोट पर दुःख जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जांच से विस्फोट के कारणों का पता चल जाएगा।

चीनी के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने बीजिंग में कहा, हम इस घटना से स्तब्ध हैं। उन्होंने मृतकों और घायलों के परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई। चीन के राजदूत जू फेइहोंग ने भी घटना पर दुख जताया है।

फ्रांसीसी राजदूत थिएरी मथौ ने पोस्ट किया, फ्रांस के लोगों और सरकार की ओर से, मैं उन लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने लालकिला विस्फोट में अपने प्रियजनों को खो दिया। इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने भी भारत के लोगों के प्रति अपनी संवेदना जताई और कहा कि इजरायल आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ है। भारत में इजरायल के राजदूत रियूवेन अजार ने इसे “हृदय विदारक” बताया।

जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने पोस्ट किया, यह जानकर दुख हुआ है कि विस्फोट में कई अनमोल जानें चली गईं। उन्होंने पीड़ितों और उनके शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पोस्ट किया, श्रीलंका भारत के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है। श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिथा हेराथ ने भी भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने भी शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं जताईं और कहा कि मालदीव इस कठिन समय में भारत के लोगों और सरकार के साथ एकजुटता से खड़ा है।

नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने भी कहा कि नेपाल इस दुख की घड़ी में भारत के साथ है। बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पोस्ट किया, नई दिल्ली में हुआ भयावह आतंकी हमला किसी भी परिस्थिति में अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में स्थित आतंकी समूहों ने बांग्लादेश सहित विभिन्न देशों में अपने नेटवर्क में घुसपैठ कर ली है और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता को कमजोर करने के लिए भारत में हमले कर रहे हैं। यूक्रेनी विदेश मंत्रालय ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। जर्मन राजदूत फिलिप एकरमैन, सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग ने भी दुख जताया है। भारत स्थित इटली के दूतावास, ब्रिटेन के उच्चायुक्त तथा भारत में यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के दूत ने भी एकजुटता व्यक्त की है। भारत स्थित ईरानी दूतावास ने भी दिल्ली में कार विस्फोट पर दुख जताया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *