October 13, 2026

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने मुख्यमंत्री थलापति विजय से की मुलाकात, अभिनेता ने की तारीफ, रश्मिका बोलीं- मैं उनकी फैन हूं

0
12-1791884498
नई दिल्ली ।अभिनेता विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें दोनों कलाकारों ने साझा की हैं। विजय देवरकोंडा ने मुख्यमंत्री के साथ हुई बातचीत को खास अनुभव बताया और उनके व्यवहार की तारीफ की। वहीं, रश्मिका मंदाना ने भी मुख्यमंत्री विजय के प्रति अपना सम्मान जाहिर करते हुए कहा कि एक प्रशंसक के रूप में उन्हें हमेशा से उनसे लगाव रहा है।

विजय देवरकोंडा ने मुलाकात की तीन तस्वीरें साझा कीं। इनमें एक तस्वीर में मुख्यमंत्री विजय दोनों कलाकारों के साथ खड़े होकर तस्वीर खिंचवाते दिखाई दे रहे हैं। दूसरी तस्वीर में तीनों बैठकर बातचीत करते नजर आ रहे हैं, जबकि तीसरी तस्वीर में मुख्यमंत्री अभिनेता विजय देवरकोंडा को गले लगाते दिख रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ अभिनेता ने मुलाकात के अनुभव को भी साझा किया।

विजय देवरकोंडा ने अपने संदेश में कहा कि थलापति विजय के साथ समय बिताना उनके लिए बेहद सुखद रहा। उन्होंने बताया कि व्यस्त दिन होने के बावजूद मुख्यमंत्री ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान निजी जीवन, काम और दुनिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर बातचीत हुई। अभिनेता ने यह भी कहा कि एक ही मुलाकात के बाद थलापति विजय उनके पसंदीदा लोगों में शामिल हो गए। उनके संदेश से मुख्यमंत्री के प्रति सम्मान और उनके साथ हुई बातचीत को लेकर उत्साह जाहिर हुआ।

रश्मिका मंदाना ने भी मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए मुख्यमंत्री विजय के लिए खास संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद विजय सर से मिलना उनके लिए अच्छा अनुभव रहा। रश्मिका ने एक प्रशंसक के रूप में उन्हें पसंद करने से लेकर उनके साथ काम करने का अवसर मिलने तक के सफर का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में उनकी प्रशंसा करते हुए खुशी हो रही है। अभिनेत्री ने उन्हें आगे के लिए प्यार और शुभकामनाएं भी दीं।

थलापति विजय के तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर विजय देवरकोंडा ने पहले भी खुशी जाहिर की थी और उन्हें बधाई दी थी। हालांकि, अभिनेता ने वर्ष 2018 में एक साक्षात्कार के दौरान कहा था कि उन्होंने थलापति विजय की कोई भी फिल्म पूरी नहीं देखी है, लेकिन उनकी फिल्मों के ट्रेलर उन्हें पसंद आते हैं। हालिया मुलाकात के बाद अभिनेता की टिप्पणी ने दोनों कलाकारों के बीच हुई बातचीत को फिर चर्चा में ला दिया है।

कामकाज की बात करें तो विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना आगामी फिल्म ‘राणाबाली’ में एक साथ नजर आने वाले हैं। फिल्म से जुड़े कई वीडियो पहले ही चर्चा में आ चुके हैं। फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। दर्शक दोनों कलाकारों को एक बार फिर पर्दे पर साथ देखने का इंतजार कर रहे हैं।

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना इससे पहले ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ में साथ काम कर चुके हैं। ‘राणाबाली’ में दोनों तीसरी बार एक साथ पर्दे पर दिखाई देंगे। दोनों के निजी जीवन को लेकर भी प्रशंसकों में दिलचस्पी रही है। दी गई जानकारी के मुताबिक, दोनों ने इसी साल फरवरी में उदयपुर में शादी की थी और इसके बाद हैदराबाद में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया था। शादी के बाद ‘राणाबाली’ उनकी पहली साथ आने वाली फिल्म है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *