राहुल रॉय का बदला दौर: कभी फिल्मों की लगी रहती थी लाइन, अब शादी में डांस कर 2 से 4 लाख रुपये कमाकर चला रहे खर्च
नई दिल्ली । फिल्म इंडस्ट्री में समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता। कभी जिस अभिनेता के पास फिल्मों की लाइन लगी रहती है और लाखों प्रशंसक उसके दीवाने होते हैं, उसे आगे चलकर काम के लिए संघर्ष भी करना पड़ सकता है। अभिनेता राहुल रॉय की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। ‘आशिकी’ से रातोंरात लोकप्रिय हुए राहुल रॉय आज अपने करियर को दोबारा खड़ा करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।
राहुल रॉय ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में उनके सामने कई मुश्किलें आईं। खासतौर पर ब्रेन स्ट्रोक के बाद उनके लिए काम करना और दोबारा इंडस्ट्री में सक्रिय होना आसान नहीं रहा। पिछले साल उनका एक शादी समारोह में परफॉर्म करते हुए वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई। कुछ लोगों ने उन्हें ट्रोल किया, लेकिन राहुल का कहना है कि लोग उनकी परिस्थितियों और मेहनत को नहीं समझते।
राहुल रॉय ने अपनी मौजूदा स्थिति के बारे में बात करते हुए बताया कि वह 60 साल की उम्र में फिर से अपना साम्राज्य बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने अपने भाई के साथ चल रहे एक कानूनी मामले का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक यह करीब 30 लाख रुपये का मामला है, जिसे वह और उनके भाई सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि तलाक के समय उन्होंने अपनी संपत्ति पत्नी के नाम कर दी थी और अब वह जिंदगी को नए सिरे से व्यवस्थित करने की कोशिश कर रहे हैं।
अभिनेता ने कहा कि पिछले पांच साल उनके लिए एक तरह का ब्रेक रहे। इस दौरान वह अपनी सेहत को सुधारने पर ध्यान दे रहे थे और उनके पास ज्यादा काम नहीं था। उनका कहना है कि अगर स्वास्थ्य संबंधी परेशानी नहीं आती तो वह इस दौरान और अधिक काम कर रहे होते। अब उन्हें कुछ काम मिलना शुरू हुआ है और वह आगे ज्यादा से ज्यादा काम करना चाहते हैं।
राहुल ने बताया कि लंबे समय बाद सेट पर वापस लौटकर कैमरे का सामना करना उनके लिए बेहद खास अनुभव था। उन्होंने उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उन पर भरोसा किया। अभिनेता के मुताबिक फिल्मों में उनकी 37 साल की यात्रा रही है और उन्होंने इस दौरान अच्छा काम किया है। अब वह अपने करियर में आगे और काम करना चाहते हैं।
शादी समारोहों में परफॉर्म करने को लेकर राहुल ने साफ कहा कि उन्हें अपने खर्चे चलाने के लिए पैसे की जरूरत है। ब्रेन स्ट्रोक के बाद उनके लिए काम मिलना मुश्किल हो गया था। ऐसे में वह जो भी काम मिल रहा है, उसे करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कभी शादी में डांस करके उन्हें दो लाख रुपये मिलते हैं तो कभी चार लाख रुपये तक की कमाई हो जाती है।
राहुल का कहना है कि उन्हें ट्रोल करने वाले लोग यह नहीं जानते कि शादी में परफॉर्म करना भी उनके लिए मेहनत का काम है। उन्हें अपने खर्चे खुद उठाने हैं और इसके लिए वह किसी भी ईमानदार काम को छोटा नहीं मानते।
राहुल ने यह भी बताया कि मुश्किल दौर में इंडस्ट्री के कई लोगों ने उनका साथ दिया। उन्होंने सलमान खान, करिश्मा कपूर, रवीना टंडन, फराह खान, अर्चना पूरन सिंह और पूजा भट्ट का नाम लिया। उनके मुताबिक ब्रेन स्ट्रोक के बाद सलमान खान ने उनकी दवाइयों का खर्च उठाने में मदद की थी। राहुल ने ‘आशिकी’ से जुड़े कलाकारों अनु अग्रवाल, दीपक तिजोरी और अवतार गिल के साथ-साथ महेश भट्ट का भी आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में उन्हें और काम मिलेगा और वह फिर से अपने अभिनय करियर को आगे बढ़ा सकेंगे।
