September 27, 2026

रामायण इवेंट में चार घंटे की देरी से नाराज मीडिया ने किया वॉकआउट, देर रात जारी हुए फिल्म के दो नए पोस्टर

0
3-1790502753

नई दिल्ली । मुंबई में रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ के प्रमोशनल इवेंट में उस समय अव्यवस्था की स्थिति बन गई, जब तय समय से करीब चार घंटे की देरी के बाद मीडियाकर्मियों ने कार्यक्रम से दूरी बना ली। दोपहर 1:30 बजे शुरू होने वाली प्रेस मीट के लिए लंबे समय तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। लगातार इंतजार के बीच मौजूद पत्रकारों में नाराजगी बढ़ती गई। बाद में कार्यक्रम में देरी की वजह इंटरनेशनल कंटेंट क्रिएटर मिस्टरबीस्ट की प्राइवेट फ्लाइट छूटना बताई गई।

कार्यक्रम में देरी के साथ ही आयोजन की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे। बताया गया कि मीडियाकर्मियों द्वारा स्थिति को लेकर जानकारी मांगे जाने के बावजूद काफी देर तक उन्हें कोई स्पष्ट अपडेट नहीं दिया गया। इसके बाद पब्लिसिटी टीम के रवैये को लेकर भी असंतोष सामने आया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कथित तौर पर इंतजार नहीं कर पाने वाले लोगों को कार्यक्रम से जाने की बात कही गई।

मीडियाकर्मियों के कार्यक्रम से चले जाने की जानकारी रणबीर कपूर तक पहुंचने के बाद उनके कथित बयान ने भी नाराजगी को बढ़ा दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में पत्रकार इवेंट से बाहर हो गए। परिणामस्वरूप करीब एक घंटे के लिए निर्धारित प्रेस सेशन को केवल दस मिनट में ही समाप्त करना पड़ा। इस दौरान फिल्म से जुड़ी कोई बड़ी घोषणा नहीं हो सकी।

दस मिनट के इस छोटे से कार्यक्रम में रणबीर कपूर ने प्रतीकात्मक रूप से शिव धनुष उठाया और प्रार्थना की। इसके बाद देर से पहुंचे मिस्टरबीस्ट से उन्होंने संक्षिप्त बातचीत भी की। मंच पर फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी, अभिनेत्री साई पल्लवी और अभिनेता रवि दुबे भी मौजूद थे। हालांकि कार्यक्रम का समय कम हो जाने के कारण निर्धारित गतिविधियां पूरी तरह नहीं हो सकीं और किसी बड़े ऐलान की जानकारी सामने नहीं आई।

इवेंट में हुए घटनाक्रम के बाद देर रात फिल्म से जुड़े दो नए पोस्टर जारी किए गए। इनमें एक पोस्टर में यश को रावण के किरदार में दिखाया गया है, जबकि दूसरे पोस्टर में राम, लक्ष्मण और सीता को वनवास की ओर जाते हुए दर्शाया गया है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी चर्चा है।

महर्षि वाल्मीकि के महाकाव्य पर आधारित इस सिनेमाई प्रोजेक्ट में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं। यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में सनी देओल भगवान हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण, लारा दत्ता कैकेयी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा, काजल अग्रवाल मंदोदरी और अरुण गोविल राजा दशरथ की भूमिका में दिखाई देंगे।

यह फिल्म दो भागों में बनाई जा रही है। इसका पहला भाग दिवाली 2026 के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की योजना है, जबकि दूसरा हिस्सा 2027 में बड़े पर्दे पर आएगा। फिल्म का निर्माण प्राइम फोकस स्टूडियोज और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स मिलकर कर रहे हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *