March 8, 2026

Roorkee में हड़कंप: चंदा एकत्रित करने दो रोहिंग्या एक रात सराय में ठहरे

0
Rohingya Muslims stay in Roorkee
  • पुलिस जांच में जुटी

दो रोहिंग्या मुसलमान के रुड़की में आने का मामला पहली बार प्रकाश में आया है। जानकारी मिलने पर पुलिस और एलआईयू में हड़कंप मच गया। जांच में सामने आया है कि दोनों एक रात सराय में ठहरे थे और चंदा एकत्रित कर रहे थे। इसके बाद दोनों अमरोहा चले गए हैं। पुलिस और स्थानीय एलआईयू अमरोहा पुलिस से दोनों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

ज्ञात हो कि, रुड़की और आसपास का क्षेत्र पहले से ही संवेदनशील है। वहीं रुड़की में बम ब्लास्ट और कई बांग्लादेशियों के गिरफ्तार होने के मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा रेलवे स्टेशन को उड़ाने की धमकी भी मिल चुकी है। पिछले दिनों बूचड़ी ढंडेरा रेलवे फाटक के पास रेलवे पटरी पर गैस सिलिंडर मिल चुका है, ऐसे में पहली बार रुड़की क्षेत्र में रोहिंग्या आने का मामला प्रकाश में आया है।

सामने आ रही जानकारी के अनुसार 17 मार्च को दो लोग बादशाह चौक के पास चंदा एकत्रित कर रहे थे। उनके संदिग्ध नजर आने पर किसी ने इसकी सूचना पुलिस और खुफिया विभाग को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों से पूछताछ की। पता चला कि दोनों रोहिंग्या मुस्लिम हैं और हैदराबाद से आए हैं। दोनों के पास शरणार्थी कार्ड भी हैं। उन्होंने अपना नाम नाम मोहम्मद तारिस और शाबिर अहमद बताया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में चंदा मांगने का काम करना बताया। दोनों चौक के पास एक सराय में रात में ठहरे थे। दोनों ने बताया कि वह 19 मार्च को रुड़की से अमरोहा जाएंगे। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने अमरोहा पुलिस से संपर्क साधा है। ताकि दोनों के बारे में कुछ और जानकारी जुटाई जा सके।

सराय मालिक से पूछताछ
पुलिस जिस सराय में दोनों रोहिंग्या एक रात ठहरे थे उसके मालिक से भी पूछताछ कर रही है। साथ ही सराय मालिक ने उनकी आईडी ली थी या नहीं इसकी भी जांच की है।

सतर्कता बढ़ाई
मामले की संवेदनशील को देखते हुए खुफिया विभाग ने अपने स्तर पर जांच शुरु कर दी है। दोनों संदिग्धों के संपर्क सूत्रों और उनके सफर की पूरी जानकारी पुलिस द्वारा खंगाली जा रही है। पुलिस को संदेह है कि चंदे की आड़ में यह कोई बड़ी साजिश हो सकती है। ऐसे में दोनों संदिग्धों के मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल और उनके संपर्कों को भी जांचा जा रहा है। इस बात पर भी नजर रखी जा रही है कि दोनों रोहिंग्या अमरोहा के बाद कहां जाएंगे और किन लोगों से मिलेंगे।

रोहिंग्या मुसलमानों के रुड़की जैसे संवेदनशील क्षेत्र में आने ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। जिसके चलते पुलिस और खुफिया विभाग लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए रख रहा है। वहीं स्थानीय प्रशासन ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है।

इधर,एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल का इस मामले पर कहना है कि, यह मामला खुफिया विभाग से जुड़ा है। जांच वह अपने स्तर से करते हैं। अगर ऐसी कुछ जानकारी पुलिस को मिलती है तो इसकी जांच की जाएगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *