March 8, 2026

उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के साथ हो गया खेला, इतने सांसदों ने की क्रॉस वोटिंग

0
who is new vice president

– कांग्रेस के दावों की खुली पोल

Vice President Election: उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में मंगलवार को विपक्ष के प्रत्याशी सुदर्शन रेड्डी को हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही विपक्षी खेमे में नई अटकलों का दौर शुरू हो गया है। एनडीए प्रत्याशी सीपी राधाकृष्णन को चुनाव में 452 वोट मिले, जबकि विपक्षी प्रत्याशी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। इसके साथ ही कांग्रेस के दावों की भी पोल खुल चुकी है। चुनाव के लिए मतदान समाप्त होने के बाद कांग्रेस ने दावा किया था कि विपक्ष के 315 सांसदों ने वोट किया है और इसे “एकता का अभूतपूर्व प्रदर्शन” बताया।

Vice President Election Result: उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए प्रत्याशी सीपी राधाकृष्णन ने जीत हासिल की है। सीपी राधाकृष्णन को 452 वोट मिले वहीं इंडिया ब्लॉक के प्रत्याशी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। जगदीप धनखड़ के इस्तीफा देने के बाद मंगलवार को उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव हुए। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक हुआ। मतदान के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान समाप्त हो गया है। विपक्ष एकजुट है। उसके सभी 315 सांसद मतदान के लिए उपस्थित हुए हैं। यह अभूतपूर्व 100% मतदान है।

कितने सांसदों ने किया वोट
राज्यसभा और लोकसभा को मिलाकर कुल 788 सांसद है, लेकिन फिलहाल दोनों सदनों में कुल 7 सीटें रिक्त है। इस तरह उपराष्ट्रपति चुनाव में 781 सांसदों को वोट करना था। इनमें से 12 सांसदों ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया। यानी उपराष्ट्रपति चुनाव में कुल 769 सांसदों ने वोट डाला।

3 बजे तक हुआ 96 प्रतिशत मतदान
बता दें कि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए दोपहर 3 बजे तक करीब 96 प्रतिशत मतदान हो गया था। चुनाव में दोनों सदनों के सांसदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं उपराष्ट्रपति चुनाव से बीआरएस, बीजेडी और शिरोमणि अकाली दल ने चुनाव से बाहर होने का फैसला किया था।

क्या चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग
विपक्षी प्रत्याशी को हार मिलने के बाद ही कयास लगाना शुरू हो गया कि क्या उपराष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग हुई है? यदि कांग्रेस के दावों से पता लगाया जाए तो करीब 15 विपक्षी सांसदों ने एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया है। दरअसल, एनडीए के पास 427 वोट थे और उसे समर्थन दे रही वाईएसआर कांग्रेस के पास 11 सांसद थे। यानी एनडीए के वोटों की सीमा 438 होनी चाहिए थी, लेकिन राधाकृष्णन को 452 वोट मिले, यानी एनडीए प्रत्याशी को 14 वोट ज्यादा मिले।

तमिलनाडु से आने वाले बने तीसरे नेता
उपराष्ट्रपति चुनाव में जीतने के साथ ही राधाकृष्णन इस पद पर आसीन होने वाले तमिलनाडु से तीसरे नेता हैं। राधाकृष्णन ने जगदीप धनखड़ का स्थान लिया है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले वोट डाला, उसके बाद केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, किरेन रिजिजू और अन्य ने वोट डाला। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित विपक्षी नेताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

विपक्ष के वोटों पर उठे सवाल
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक करीब 15 वोट रद्द हुए है। इसके बाद विपक्षी वोटों पर भी सवाल उठने लग गया, क्योंकि कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दावा किया था कि विपक्ष के 315 सांसदों ने वोट दिए है। हालांकि विपक्षी उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। इस तरह कांग्रेस के दावे से रेड्डी को 15 वोट कम मिले।

BJP सांसद ने कसा तंज
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर तंज कसा। एक्स पर पोस्ट करते हुए दुबे ने लिखा- मिले तो 300 ही, 15 लोग कौन से भागकर हमको यानि NDA प्रत्याशी को वोट दे दिए? भाई आपके तो जनता के साथ नेता भी भाग गए। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- वैसे राहुल गांधी उप राष्ट्रपति जी का चुनाव EVM से नहीं बैलेट पेपर से ही हुआ।

विपक्ष के लिए बना चिंता का सबब
उपराष्ट्रपति चुनाव में मिले वोटों को लेकर विपक्ष के लिए खासतौर पर कांग्रेस के लिए चिंता का सबब बन गया है। दरअसल, यह विपक्ष की एकजुटता पर भी सवाल उठाता है, क्योंकि इस साल के अंत तक बिहार में विधानसभा चुनाव होने है और इसके अगले साल भी कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *