March 9, 2026

भारत टेक्स 2025 वैश्विक कपड़ा महाशक्ति बनने की भारत की प्रतिबद्धता का प्रमाण: कपड़ा सचिव

0
000000000000000000

नई दिल्ली। केंद्रीय कपड़ा सचिव नीलम शमी राव ने मंगलवार को भारत टेक्स 2025 के आयोजन में वस्त्र उद्योग निकायों के सक्रिय प्रयासों की सराहना की। इसे अब तक का सबसे बड़ा और सबसे व्यापक वस्त्र आयोजन बताते हुए उन्होंने वस्त्र निर्यात संवर्धन परिषदों और अन्य उद्योग निकायों की प्रतिबद्धता की सराहना की, जिन्होंने वस्त्रों की संपूर्ण मूल्य श्रृंखला को भारत टेक्स के अंतर्गत लाने के लिए अथक प्रयास किया।

उद्योग भवन में भारत टेक्स 2025 ऐप और वेबसाइट के लॉन्चिंग के मौके पर कपड़ा सचिव ने अपने संबोधन में यह बात कही। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत टेक्स एक विश्वसनीय, सतत सोर्सिंग गंतव्य के साथ-साथ वस्त्रों के लिए बड़े पैमाने पर निवेश गंतव्य के रूप में भारत के आकर्षण की पुष्टि करेगा। उन्होंने कहा कि पूरा आयोजन वैश्विक वस्त्र महाशक्ति बनने के लिए भारत की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

वस्त्र मंत्रालय समर्थित और 11 प्रमुख वस्त्र उद्योग निकायों की ओर से आयोजित भारत टेक्स 2025, भारत के वस्त्र क्षेत्र की विविधता, पैमाने और क्षमता को प्रदर्शित करने वाला एक ऐतिहासिक कार्यक्रम है। 2.2 मिलियन वर्ग फीट के क्षेत्र में फैले इस कार्यक्रम में 5 हजार से अधिक प्रदर्शकों, 120 देशों के 6 हजार अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और 1,20,000 से अधिक आगंतुकों के आने की उम्मीद है। इस कार्यक्रम में 70 से अधिक सम्मेलन सत्र, गोलमेज सम्मेलन और मास्टर कक्षाएं भी होंगी, जिनमें करीब 100 अंतरराष्‍ट्रीय वक्ता चर्चा करेंगे।

भारत टेक्स 2025 अपने पहले संस्करण से भी बेहतर प्रदर्शन करने जा रहा है, जिसमें नए फीचर शामिल किए गए हैं। इसका दायरा बढ़ाया गया है। यह आयोजन 14 से 17 फरवरी, 2025 तक भारत मंडपम, राजधानी नई दिल्ली में और 12 से 15 फरवरी, 2025 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *