March 8, 2026

इधर, आइजी का फोन ले भागे बदमाश का 24 घंटे बाद भी कोई पता नहीं, उधर रेल पुलिस ने डीआरएम के बेटे का चोरी आइपैड 2 घंटे में ढूंढ़ा

0
mp-bhopal police

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में जहां पुलिस की नाकामियों से भरी शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। वहीं संस्कारधानी जबलपुर में रेल पुलिस की रफ्तार से की गई कार्रवाई प्रशंसा पा रही है।

भोपाल केस: दरअसल राजधानी भोपाल में एक ओर चार इमली में पत्नी के साथ नाइट वॉक पर निकले आइजी इंटेलिजेंस डॉ. आशीष का बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। पुलिस 24 घंटे बाद भी मोबाइल नहीं ढूंढ़ सकी। इधर, पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र का कहना है कि आइजी इंटेलिजेंस के मामले में आरोपियों को ट्रेस कर लिया है। 5 संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। बताते हैं, छीनतई के दौरान डॉ. आशीष का एक मोबाइल गिर गया था। दूसरा बदमाश ले गए। उनकी तलाश की जा रही है।

रेल पुलिस केस: संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से पश्चिम मध्य रेलवे के मंडल प्रबंधक (डीआरएम) के बेटे का बैग चोरी हुआ तो रेल पुलिस ने दो घंटे में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गए आइपैड, पर्स समेत अन्य कीमती सामान बरामद कर लिए।

दरअसल डीआरएम कमल तलरेजा का बेटा दिल्ली में पढ़ता है। 21 सितंबर को वह जबलपुर से संपर्क क्रांति से दिल्ली जा रहा था। रात 2.30 बजे ट्रेन झांसी पहुंची तो उसके एसी कोच से आरोपी उसका बैग लेकर निकल गया। बेटे ने पिता को सूचना दी तो तत्काल जीआरपी और आरपीएफ हरकत में आ गई। दो घंटे में ही बैग बरामद कर आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी ने उसका मोबाइल छोड़ बाकी सामान उड़ा लिया।

भोपाल केस 2: इसके अलावा भोपाल के कोटरा में रहने वाले पूर्व आइपीएस को पड़ोसी पीएचई के रिटायर्ड अधीक्षक यंत्री ने ही गाली दे दी। पूर्व आइपीएस हरिशंकर सोनी का आरोप है कि यंत्री आरबी राय ने उनकी अपनी ही दीवार पर पुताई करने पर आपत्ति ली। धमकाया। बहू से रेप करने की धमकी भी दी। यह शिकायत उन्होंने कमला नगर थाने में की, लेकिन पुलिस ने अपने ही विभाग के पूर्व सीनियर अफसर की एफआइआर तक नहीं लिखी।

पूर्व आइपीएस हरिशंकर सोनी (85) कोटरा क्षेत्र के वैशाली नगर में रहते हैं। उनके घर में पुताई चल रही है। इसे लेकर पड़ोसी और पीएचई के रिटायर्ड अधीक्षण यंत्री आरबी राय ने आपत्ति की। राय ने धमकी देते हुए पुताई नहीं कराने को कहा। सोनी ने कमला नगर पुलिस से मदद मांगी। बकौल सोनी, दूसरे दिन मजदूर काम पर आए तो राय और बेटा गीतेश राय ने गाली दी। बहू से अश्लीलता कर रेप की धमकी दी। यह सब मौके पर मौजूद कमला नगर थाने के सब इंस्पेक्टर व एक आरक्षक के सामने होता रहा। बता दें, सोनी 2001 में एससीआरबी पुलिस महानिरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इधर कमला नगर टीआइ निरूपा पांडेय का कहना है कि दोनों पक्षों ने शिकायती आवेदन दिए हैं। जांच के बाद कार्रवाई होगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *