October 17, 2026

अजीत डोभाल पर राहुल गांधी के बयान से गरमाई सियासत, नैनीताल सांसद ने साधा निशाना

0
MP Ajay Bhatt on Rahul Gandhi
  • रेखा आर्या मामले में ये बोले

नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. बीजेपी कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणी की निंदा करते हुए राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की. वहीं, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति पप्पू गिरधारी के बीच विवाद को लेकर पूछे गए सवाल पर अजय भट्ट ने चुटकी ली.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा एनएसए अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणी के बाद बीजेपी जमकर निशाना साध रही है. बीजेपी के नेता इस टिप्पणी पर कांग्रेस पर लगातार हमला बोल रहे हैं. वहीं हल्द्वानी के बीजेपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सांसद अजय भट्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा. राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को खलनायक कहे जाने संबंधी टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए अजय भट्ट ने इसकी कड़ी निंदा की. अजय भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड की धरती पर जन्मे अजीत डोभाल ने देश की सुरक्षा और राष्ट्रहित के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

ऐसे व्यक्ति को खलनायक कहना राहुल गांधी की मानसिकता को दर्शाता है. उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी को अजीत डोभाल के देश के लिए किए गए कार्यों की जानकारी है भी या नहीं. सांसद ने राहुल गांधी की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए. बीजेपी सांसद ने इस मुद्दे को राष्ट्रीय सुरक्षा और देशहित से जोड़ते हुए कांग्रेस नेता के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई.

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति पप्पू गिरधारी के बीच चल रहे विवाद को लेकर पूछे सवाल पर अजय भट्ट ने प्रतिक्रिया दी है. सवाल सुनते ही अजय भट्ट ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि पति-पत्नी के झगड़े और सुबह की बारिश का कोई भरोसा नहीं, पता नहीं कब एक हो जाए. उन्होंने कहा कि अगर FIR दर्ज हुई है तो कानून अपना काम करेगा. उन्होंने मंत्री पर लग रहे आरोप पर बोलते हुए कहा कि आरोप लगाना अलग बात है और इसकी पुष्टि होना अलग बात है. जिसके लिए कानून बना हुआ है.

रामनगर पहुंचे नैनीताल सांसद: रामनगर में देर रात आयोजित डांडिया उत्सव में पहुंचे नैनीताल-उधमसिंह नगर लोकसभा सीट से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अजय भट्ट ने एक ओर भारतीय संस्कृति और मां की आराधना को आस्था का प्रतीक बताया. साथ ही उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कांग्रेस पर मामले को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया. वहीं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े विवाद पर उन्होंने कहा कि आरोपों की जांच कानून के अनुसार होनी चाहिए और किसी भी मामले में कानूनी प्रक्रिया का पालन जरूरी है.

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *