होटल खाना और सफर की टेंशन खत्म, रेलवे का खास भारत गौरव ट्रेन टूर पैकेज, 12 रातें 13 दिन में घूमिए दक्षिण भारत
यह विशेष भारत गौरव ट्रेन उत्तर भारत से दक्षिण भारत की यात्रा के लिए संचालित की जाएगी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार ट्रेन 14 नवंबर को अपनी यात्रा शुरू करेगी और 26 नवंबर को वापस जम्मू पहुंचेगी। यानी यात्रियों को करीब 12 रात और 13 दिन की लंबी यात्रा का अनुभव मिलेगा। इस दौरान ट्रेन दक्षिण भारत के पांच प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों को कवर करेगी। यह पैकेज खास तौर पर उन यात्रियों के लिए सुविधाजनक हो सकता है जो एक साथ कई प्रसिद्ध मंदिरों और पर्यटन स्थलों की यात्रा करना चाहते हैं।
इस यात्रा में रामेश्वरम सबसे प्रमुख पड़ावों में शामिल है। यहां यात्री प्रसिद्ध श्री रामनाथ स्वामी मंदिर के दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद मदुरई में ऐतिहासिक और प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर की यात्रा कराई जाएगी। कन्याकुमारी में यात्रियों को विभिन्न प्रमुख पर्यटन स्थलों को देखने का अवसर मिलेगा। यात्रा का अगला महत्वपूर्ण पड़ाव तिरुपति होगा जहां श्रद्धालु भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन कर सकेंगे। इसके अलावा मार्कापुर में मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन भी इस यात्रा का हिस्सा होंगे।
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस पैकेज में अलग अलग श्रेणियां रखी हैं। यात्री अपनी सुविधा और बजट के अनुसार सेकंड एसी थर्ड एसी और इकोनॉमिक कैटेगरी में बुकिंग कर सकते हैं। सेकंड एसी को कंफर्ट कैटेगरी में रखा गया है जिसका किराया 56830 रुपये बताया गया है। थर्ड एसी स्टैंडर्ड कैटेगरी का किराया 42605 रुपये है जबकि इकोनॉमिक कैटेगरी के लिए यात्रियों को 26895 रुपये खर्च करने होंगे।
इस टूर पैकेज की खासियत सिर्फ ट्रेन यात्रा नहीं है। बुकिंग कराने वाले यात्रियों को कन्फर्म ट्रेन टिकट के साथ यात्रा के दौरान नाश्ता और दो वक्त का भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा होटल में ठहरने और प्रमुख स्थलों की साइटसीइंग की सुविधा भी पैकेज में शामिल है। इससे यात्रियों को हर शहर में अलग से होटल और वाहन तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
दरअसल कई धार्मिक स्थलों की यात्रा करने में सबसे बड़ी परेशानी अलग अलग ट्रेनों की बुकिंग और कनेक्टिंग यात्रा होती है। इसके बाद होटल और स्थानीय परिवहन की व्यवस्था भी यात्रियों के लिए चुनौती बन जाती है। भारत गौरव ट्रेन का यह पैकेज इसी परेशानी को कम करने की कोशिश है। एक तय कार्यक्रम के तहत यात्री कई प्रमुख स्थलों की यात्रा कर सकेंगे और सफर से जुड़ी कई जरूरी व्यवस्थाएं पहले से पैकेज में शामिल रहेंगी। इच्छुक यात्रियों के लिए यह दक्षिण भारत की धार्मिक और पर्यटन यात्रा को आसान बनाने वाला विकल्प साबित हो सकता है।
