MP में बारिश का रेड अलर्ट, नर्मदापुरम-छिंदवाड़ा में अति भारी बारिश की चेतावनी, 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
छतरपुर में बारिश, नदी-नालों के उफान और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए कलेक्टर मृणाल मीणा ने गुरुवार को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। छुट्टी केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगी, जबकि शिक्षक स्कूल पहुंचकर शैक्षणिक और विभागीय काम पूरे करेंगे।
डबरा में कच्चे मकान की छत गिरी, मां-बेटे की मौत
बारिश के बीच बुधवार रात डबरा के जंगीपुरा में बड़ा हादसा हो गया। दो मंजिला कच्चे मकान की छत ढहने से एक ही परिवार के पांच सदस्य मलबे में दब गए। हादसे में सीमा (33) और उनके दो साल के बेटे आदित्य उर्फ गुन्नू की मौत हो गई। सीमा के पति जागेंद्र (38) और उनकी दो बेटियां वैशाली (5) व रागनी (8) गंभीर रूप से घायल हुई हैं। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार सीहोर, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, विदिशा, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, दमोह, पन्ना, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, डिंडौरी, मंडला, पांढुर्णा और बालाघाट में भारी बारिश हो सकती है।
वहीं भोपाल, रायसेन, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, सिवनी, नरसिंहपुर, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर और छतरपुर में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।
4 सितंबर से पश्चिमी हिस्से में बढ़ेगा सिस्टम का असर
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 4 सितंबर को बारिश का सिस्टम आगे बढ़ेगा। इसका ज्यादा असर भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, सागर, नर्मदापुरम और चंबल संभाग में देखने को मिल सकता है। भोपाल, उज्जैन और ग्वालियर में भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि इंदौर में तेज बारिश के आसार नहीं हैं। 5 सितंबर को प्रदेश के उत्तरी हिस्से में तेज बारिश हो सकती है। इसके बाद 6 सितंबर को ग्वालियर-चंबल संभाग में सिस्टम का असर देखने को मिलेगा।
प्रदेश में अब तक 28.1 इंच बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक मध्य प्रदेश में अब तक 714.2 मिमी यानी 28.1 इंच बारिश हो चुकी है। सामान्य तौर पर इस अवधि में 799.9 मिमी यानी 31.5 इंच बारिश होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में अब तक सामान्य से 3.4 इंच कम पानी गिरा है और ओवरऑल बारिश 11% कम है। पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश सामान्य से 4% और पश्चिमी हिस्से में 17% कम हुई है।
40 जिलों में 2% से 51% तक कम बारिश
पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में सामान्य से 17% तक कम बारिश हुई है। बालाघाट, छतरपुर, डिंडौरी, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सिवनी और टीकमगढ़ सहित कई जिलों में 2% से 51% तक कम बारिश दर्ज की गई है।
पश्चिमी हिस्से में आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, खंडवा, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 2% से 53% तक कम पानी गिरा है।
16 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
प्रदेश के 16 जिलों में अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इनमें अनूपपुर, मऊगंज, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़ और शिवपुरी शामिल हैं।
