‘गायक जुबीन की हत्या हुई, जहर दिया गया’

असम के मशहूर गायक जुबीन गर्ग की सिंगापुर में हुई मौत के मामले में चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। उनके म्यूजिक बैंड के सदस्य शेखर ज्योति गोस्वामी ने जुबीन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा व सिंगापुर में होने वाले कार्यक्रम के आयोजक श्यामकानू महंत पर जुबीन को जहर देने का आरोप लगाया है। मौत की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआइटी) के सामने बयान दर्ज कराते हुए ज्योति ने दावा किया कि सिद्धार्थ और महंत ने मिलकर साजिश रची और इसे डूबने से हुआ हादसा साबित करने का प्रयास किया। इन लोगों ने साजिश को छुपाने के लिए जानबूझकर विदेशी जगह चुनी। शेखर ज्योति गोस्वामी के मुताबिक, सिद्धार्थ शर्मा ने यॉट पर खुद शराब उपलब्ध कराई। आयोजकों से कहा कि वे ड्रिंक्स की व्यवस्था न करें। उन्होंने ये भी बताया कि मैनेजर ने उन्हें किसी भी वीडियो को शेयर न करने का निर्देश दिया था। यॉट का नियंत्रण जबरन अपने हाथ में ले लिया जिससे नाव अस्थिर हो गई।
…तब मैनेजर बोला- ‘जाबो दे, जाबो दे’
गोस्वामी का दावा है कि जुबीन बेहतरीन तैराक थे। ऐसे में डूबने की आशंका नामुमकिन है। घटना के समय मैनेजर सिद्धार्थ का व्यवहार संदिग्ध था। उन्होंने आरोप लगाया कि जुबीन के मुंह व नाक से झाग निकल रहा था, तो मैनेजर ने एसिड रिफ्लक्स बताकर नजरअंदाज कर दिया और मेडिकल सहायता नहीं दी गई। बल्कि चिल्लाए ‘जाबो दे, जाबो दे’ (उसे जाने दो, जाने दो)। एसआइटी की रिमांड नोट में को-सिंगर अमृत प्रभा महंता व एक्ट्रेस निशिता गोस्वामी के बयानों का भी जिक्र है।
