March 8, 2026

Dehradun Cloudburst: जन्मदिन पर भी आपदाग्रस्त क्षेत्रों में ग्राउंड जीरो पर डटे सीएम धामी रहे

0
1-A

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज अपने 50वें जन्मदिवस के मौके पर भी सुबह से ही प्रदेश में आपदा प्रबंधन के मोर्चे पर जूझते नजर आए। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने सुबह ही आपदा प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने के साथ ही अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य के लिए आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अतिवृष्टि से प्रभावित देहरादून जनपद के मालदेवता क्षेत्र व केसरवाला का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की गति तेज करने के निर्देश अधिकारियों को दिए और स्थानीय नागरिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि के कारण प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों, पुलों एवं सरकारी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे आमजन के जीवन पर भी व्यापक प्रभाव पड़ा है।

उन्होंने निर्देश दिए कि अवरुद्ध मार्गों को शीघ्र चालू किया जाए, सुरक्षित पेयजल व बिजली की आपूर्ति तत्काल सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन व प्रशासन की टीम निरंतर फील्ड में सक्रिय है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ राहत, बचाव व पुनर्वास कार्यों को अंजाम दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए आपदा से निपटने हेतु विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मुख्यमंत्री राज्य आपदा परिचालन केंद्र और विभिन्न जिलों की परिस्थितियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं।

सीएम सभी जिलाधिकारियों के साथ नियमित संपर्क बनाए हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं को तात्कालिक प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *