Dehradun’s Sahastradhara Disaster: बादल फटा, नदियां बिफरीं: जान बचाने के लिए लोगों ने क्या क्या जो न किया
-
देहरादून में दिखा ऐसा खौफनाक मंजर जिसने हर किसी को हिला कर रख दिया

बादल फटे, नदियों ने विकराल रूप लिया और देहरादून दहल उठा। इतनी तेज़ बारिश कि लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। चारों ओर पानी ही पानी, सड़कें बह गईं, घरों में कीचड़ भर गया, और कई ज़िंदगियां पल भर में थम गईं। हालत इतनी बेकाबू हो गई कि लोग जान बचाने के लिए बिजली के खंभों पर चढ़ गए। जमीन पर पानी ही पानी देख हर कोई सहम गया।
देहरादून के प्रेमनगर, ठाकुरपुर, सहस्त्रधारा, मालदेवता जैसे इलाकों में बादल फटने के बाद ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। आपदा में 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और कई अभी भी लापता हैं। एनडीआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू कर कई जिंदगियों को मौत के मुंह से बाहर निकाला।

बादल फटने से आई बाढ़ में लोग इतने डर गए कि जान बचाने के लिए बिजली के खंभों पर चढ़ गए। कोई छत पर था, कोई पेड़ पर, और कोई खंभे पर लटक गया। ताकि पानी का बहाव उन्हें साथ न ले जाए।
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र के परवल में आसन नदी उफान पर आ गई और उसके रौद्र रूप में दर्जनों घर जलमग्न हो गए। प्रेमनगर क्षेत्र के परवल में एक ट्रैक्टर में सवार 14-15 मजदूर बह गए, जिनमें से अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। बाकी की तलाश जारी है। सहस्त्रधारा और नया गांव से भी शव बरामद किए गए, जिससे कुल मृतकों की संख्या 10 हो चुकी है।
ठाकुरपुर इलाके में हालात इतने भयावह हो गए कि लोग जान बचाने के लिए बिजली के खंभों और ऊंची जगहों पर चढ़ गए। पानी के तेज़ बहाव ने कुछ ही देर में सड़कें, गाड़ियां, और घर सब निगल लिए। कई घरों में कीचड़ भर गया, पुल टूट गए और संपर्क मार्ग कट गए।
एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसी दौरान, देहरादून-हरिद्वार हाईवे, मसूरी-देहरादून मार्ग, और जखन नदी का पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे यातायात पूरी तरह से प्रभावित है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और बताया कि केंद्र सरकार पूरी तरह राज्य के साथ खड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने फोन पर आपदा की जानकारी ली और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करें, झुग्गियों में रह रहे लोग सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं और किसी भी आपदा की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
आसन किनारे चिल्लाते रह गए परिजन…

दून घाटी की नदियों में पानी मौत बनकर बह रहा था। सबसे भयावह दृश्य आसन नदी पर देखने को मिला जहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत 14 मजदूर अचानक आए पानी के सैलाब में बह गए। इस दौरान नदी किनारे खड़े उनके परिजन चिल्लाते रह गए। इनमें से 2 लोगों को पुलिस टीमों ने बचा लिया जबकि 8 के शव अलग-अलग जगहों से बरामद हो गए। चार अब भी लापता बताए जा रहे हैं। मुरादाबाद के आसपास के इन मजदूरों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

रातभर से बारिश का दौर जारी था। सुबह के वक्त आसन नदी का बहाव हर रोज की तरह ही था। आसपास के मजदूर यहां पर पत्थर चुगान के लिए जाते हैं। यहीं परवल गांव में इन मजदूरों की बस्ती भी है। इन्हीं में से 14 मजदूर एक ट्रैक्टर ट्राली पर सवार थे। काम शुरू होने ही वाला था कि अचानक यहां पानी आने लगा।

उस वक्त मजदूरों को लगा कि थोड़ी देर में पानी खुद ब खुद कम हो जाएगा लेकिन अचानक पानी का सैलाब इतनी तेजी से आया कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते ट्रैक्टर पलट गया और सभी मजदूर उस पर चढ़कर खुद को बचाने की कोशिश करने लगे। करीब तीन से चार मिनट तक सभी जान बचाने की जद्दोजेहद करते रहे।

इस दौरान नदी के किनारे पर खड़े परिजन अपने लोगों को फंसा देखकर चिल्ला रहे थे लेकिन अगले ही पल ट्रैक्टर-ट्राली दोबारा पलट गई और सभी लोग पानी की तेज धार में बह गए। इस दर्दनाक मंजर को देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

हालांकि दो मजदूरों की किस्मत अच्छी थी उन्होंने समय रहते झाड़ियों और बड़े पत्थरों को पकड़ लिया था जिसके बाद पुलिस ने इन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया। जबकि 8 मजदूरों के क्षत-विक्षत शव कई किलोमीटर दूर से पुलिस ने बरामद किए। वहीं चार अन्य लापता मजदूरों की तलाश के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी है।
मृतकों की सूची
सोमवती(65) पत्नी हरचरण सैनी निवासी मुरीजैन, मुरादाबाद
रीना (30) पत्नी हरिराम निवासी मुरीजैन, मुरादाबाद
फरमान(30) पुत्र इदरिस निवासी ग्राम परवल, देहरादून
पंकज कुमार(36) पुत्र बाबूराम निवासी बसंतावाला, थाना कैंट, देहरादून
हरचरण(60) पुत्र फूल सिंह निवासी मुनिया जैन थाना सोनकपुर तहसील बिलारी जिला मुरादाबाद
मदन(45) पुत्र भरत निवासी मुनिया जैन थाना सोनकपुर, तहसील बिलारी, मुरादाबाद
नरेश(50) पुत्र कुंवर सैन निवासी मुनिया जैन थाना सोनकपुर, तहसील बिलारी, मुरादाबाद
किरण पत्नी अमरपाल निवासी मुनिया जैन थाना सोनकपुर, तहसील बिलारी, मुरादाबाद
