March 9, 2026

इजरायली सेना ने नक्शे में कश्मीर को पाकिस्तान और अरुणाचल को दिखाया चीन का हिस्सा… भड़के लोग

0
000000000000000000000

नई दिल्ली। इजरायल रक्षा बलों (Israel Defense Forces.- IDF) द्वारा शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किए गए एक नक्शे ने विवाद को जन्म दे दिया है। दरअसल इस नक्शे में ईरानी मिसाइलों की रेंज (Iranian missiles Range on map) को दिखाया गया था, लेकिन इसमें भारत की सीमाओं (India borders) को गलत तरीके से पेश किया गया, जिससे सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया। नक्शे में जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) को पाकिस्तान का हिस्सा और अरुणाचल प्रदेश (Arunachal Pradesh) को चीन का हिस्सा दिखाया गया, जिसके बाद भारतीय यूजर्स ने कड़ी आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने पर IDF को माफी मांगनी पड़ी।

क्या है पूरा मामला?
13 जून को IDF ने एक ग्राफिकल वर्ल्ड मैप पोस्ट किया, जिसमें ये दिखाया गया कि ईरान की मिसाइलें दुनिया के किस-किस हिस्से तक मार कर सकती हैं। पोस्ट के साथ लिखा गया, “ईरान एक वैश्विक खतरा है। इजरायल उसका अंतिम लक्ष्य नहीं है, यह तो केवल शुरुआत है। हमारे पास कोई दूसरा विकल्प नहीं था, सिवाय कार्रवाई करने के।” हालांकि, इस नक्शे में भारत की सीमाओं को सटीक रूप से नहीं दिखाया गया था, जिसने विवाद को हवा दे दी।

गलत नक्शे का खुलासा
सोशल मीडिया यूजर्स ने जल्द ही नक्शे में गलतियों को नोटिस किया। जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा और अरुणाचल प्रदेश को चीन का हिस्सा दिखाने के साथ-साथ उत्तर-पूर्वी क्षेत्र को नेपाल से जोड़ा गया था। इस गलती ने भारतीय नागरिकों और नेताओं को नाराज कर दिया, क्योंकि यह भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर सवाल उठाता है।

फूटा भारतीय जनता का गुस्सा
एक्स पर यूजर्स ने IDF के पोस्ट के नीचे तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, “कृपया भारत की सीमाओं को सही करें। ऐसी गलतियां न करें।” दूसरे यूजर ने टिप्पणी की, “इजरायल ने कश्मीर को पाकिस्तान और अरुणाचल को चीन का हिस्सा दिखाया। इसे तुरंत हटाएं।” कई यूजर्स ने सही नक्शे के साथ जवाबी पोस्ट किए और IDF से त्रुटि को ठीक करने की मांग की।

IDF ने मांगी माफी
विवाद बढ़ता देख IDF ने 13 जून को ही दोपहर एक जवाबी पोस्ट जारी की। इसमें कहा गया, “यह पोस्ट महज क्षेत्र का एक चित्रण है। यह नक्शा सीमाओं को सटीक रूप से दर्शाता नहीं है। इस तस्वीर के कारण हुई किसी भी ठेस के लिए हम क्षमा चाहते हैं।” इसके अलावा, भारत में इजरायल के राजदूत ने भी इस पर सफाई दी। उन्होंने एक भारतीय यूजर की शिकायत पर लिखा, “यह एक खराब अनपेक्षित इन्फोग्राफिक है। पहले ही हटाने/ठीक करने के लिए कह दिया गया है।” हालांकि, इस माफी के बावजूद कई यूजर्स ने मांग की कि गलत नक्शे को हटाकर सही नक्शे के साथ नया पोस्ट किया जाए।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *