March 10, 2026

National Games: आज होंगे शुभंकर व एंथम समेत पांच प्रतीक जारी

0
Minister Rekha aarya
  • चार शहरों में लॉन्चिंग का लाइव प्रसारण

National Games In Uttarakhand: महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में 38वें राष्ट्रीय खेलों के शुभंकर व एंथम समेत पांच प्रतीकों का लॉन्चिंग कार्यक्रम रविवार को आयोजित होगा। राज्य के चार शहरों में बड़ी स्क्रीन पर लॉन्चिंग कार्यक्रम का सजीव प्रसारण होगा। भव्य आयोजन की तैयारियों के लिए खेल मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को उच्च स्तरीय बैठक की। उसके बाद कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

इस समारोह में राष्ट्रीय खेलों के लोगो, शुभंकर, एंथम, जर्सी और टाॅर्च की लॉन्चिंग की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय खेल राज्यमंत्री रक्षा खडसे, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा और खेल मंत्री रेखा आर्या शामिल रहेंगे। इस दौरान दो हजार से ज्यादा खिलाड़ी और युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी की गई है। स्टेडियम के अंदर बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी। स्टेडियम के बाहर भी एक स्क्रीन पर लाइव टेलीकास्ट होगा। देहरादून में दो स्क्रीन के अलावा रुद्रपुर, हरिद्वार और हल्द्वानी में भी बड़ी स्क्रीन पर लॉन्चिंग का सजीव प्रसारण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त यूट्यूब पर भी यह कार्यक्रम लाइव होगा।

खिलाड़ियों को किट बांटी

खेल मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल प्रशिक्षण शिविरों में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों को किट वितरित की। किट में खिलाड़ियों को ट्रैक सूट, जूते व अन्य सामग्री दी। कहा, आप लोग इतने पदक जीतिए कि प्रदेश की झोली भर जाए। इस दौरान विशेष खेल सचिव अमित सिन्हा, युवा कल्याण एवं खेल निदेशक प्रशांत आर्य समेत आला अधिकारी उपस्थित रहे।

नया अवतार: मौली के रूप में होगा शुभंकर

राष्ट्रीय खेलों का शुभंकर प्रतीक मौली (मोनाल पक्षी) नए अवतार में नजर आएगा। राष्ट्रीय खेल के लोगो को भी नए सिरे से डिजाइन किया गया है। अन्य प्रतीक जर्सी, मशाल (टार्च), एंथम में भी उत्तराखंड की छाप नजर आएगी।

राष्ट्रीय खेलों की मशाल में सदानीरा गंगा और राज्य पुष्प ब्रह्म कमल के चिह्न दिखाई देंगे। वहीं, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स काॅलेज परिसर में राष्ट्रीय खेलों की तैयारी के बीच छह टन स्क्रैप से बना टाइगर भी अपनी ओर सभी का ध्यान खीचेंगा, जिसे बनाने में करीब 20 दिन लगे हैं।

खेल अफसरों का कहना है कि 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी उत्तराखंड को करीब आठ वर्ष पहले मिली थी। तब इसका शुभंकर और लोगो जारी किया गया था, लेकिन अब यह महसूस किया गया कि शुभंकर और अन्य प्रतीक को अधिक आकर्षक बनाने की जरूरतहै।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का इस संबंध में कहना है कि, 38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हमारे लिए सौभाग्य की बात है। उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष में खेलों के इतने बड़े आयोजन की मेजबानी के लिए हम उत्साहित है। इसके लिए हमारी पूरी तैयारी है। सभी के सहयोग से भव्य और बेहतर इंतजाम किए जाएंगे।

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *