Dev Bhoomi samachar: यूजीसी कानून के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग

उधमसिंह नगर (जसपुर)। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए कानून को लेकर जसपुर में विरोध खुलकर सड़कों पर दिखा। सामान्य वर्ग के लोगों ने महिलाओं, छात्रों और अभिभावकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि यूजीसी का नया कानून सामान्य वर्ग के छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है, इसलिए इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।
सामान्य वर्ग के छात्रों और अभिभावकों ने एकजुट होकर नगर के प्रमुख मार्गों से जुलूस निकाला। जुलूस पुरानी नगर पालिका चौक से शुरू होकर सब्जी मंडी, मुख्य बाजार, कोतवाली रोड, शक्को वाली मस्जिद और पूर्णानंद तिवारी इंटर कॉलेज रोड से होते हुए सुभाष चौक पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने सभा कर अपनी मांगें रखीं। प्रदर्शन के दौरान लोग हाथों में तख्तियां लिए यूजीसी कानून के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। महिलाओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी ने आंदोलन को मजबूती दी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह लड़ाई किसी समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि समान अधिकार और निष्पक्ष शिक्षा व्यवस्था के लिए है।
विधायक का समर्थन
जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान ने प्रदर्शन को समर्थन देते हुए कहा कि यूजीसी का यह कानून यदि लागू रहा, तो सामान्य वर्ग के छात्रों को गंभीर नुकसान होगा। उन्होंने सरकार से कानून को तत्काल वापस लेने की मांग की और चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और व्यापक होगा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे किसी भी वर्ग के विरोध में नहीं हैं, लेकिन यदि यह कानून लागू रहा तो सामान्य वर्ग के छात्रों के अवसर सीमित हो जाएंगे। उन्होंने सरकार से भेदभावपूर्ण प्रावधानों को हटाकर सभी वर्गों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने की अपील की।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
प्रदर्शन में राजकुमार चौहान (क्षत्रिय महासभा), राजीव चौहान, नीलकमल शर्मा, विमल अग्रवाल, सिद्धार्थ सिंघल, ओम अग्रवाल, हरिओम अरोरा, राजुल जैन, अवलोक जैन, अर्पित रस्तोगी, राजकुमार अरोरा, पराग अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, नितेश जैन, सोहित जोशी, डॉ. सितांशु पंडित, डॉ. सुदेश चौहान, वीणा नागर और दीपा गहलोत समेत सैकड़ों महिलाएं और युवा शामिल रहे।
