March 8, 2026

Pauri: मोटरमार्ग पर सड़क हादसे में दो की मौत, चार घायल

0
Pauri Accident

– बूंखाल मेले से वापस लौट रहे थे ग्रामीण, स्योली के समीप कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरी
– घायल मरीजों का मेडिकल कालेज श्रीनगर के बेस अस्पताल श्रीकोट में चल रहा है उपचार

पौड़ी। थाना पैठाणी क्षेत्र के पैठाणी-स्योली मोटरमार्ग पर बीती शनिवार रात एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। बूंखाल मेले से छह दोस्त एक कार से वापस गांव लौट रहे थे। स्योली के समीप कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे के घायलों का उपचार मेडिकल कालेज श्रीनगर के बेस अस्पताल श्रीकोट में चल रहा है। चिकित्सकों ने सभी को खतरे से बाहर बताया है।

थानाध्यक्ष पैठाणी सुनील रावत ने बताया कि विकासखंड खिर्सू के बूंखाल में कालिंका माता मंदिर परिसर में मेला आयोजित हुआ था। जहां जनपद रुद्रप्रयाग के संकरोडी के दो युवक और थाना क्षेत्र पैठाणी के टीला गांव के चार युवक एक कार से पहुंचे थे। यहां माता के दर्शन-पूजन के बाद यह छह दोस्त पैठाणी-स्योली मोटर मार्ग से वापस गांव लौट रहे थे। बताया कि कार करीब 300 मीटर पीछे एक बाइक भी चल रही थी। स्योली के समीप पहुंचने पर बाइक सवार युवकों ने देखा कि कार आगे नहीं चल रही है। उन्होंने आसपास देखा, तो खाई से किसी के चिल्लाने की आवाज आई। उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीणों व पुलिस को घटना की सूचना दी।

थानाध्यक्ष रावत ने बताया कि घटना रात करीब 8:30 बजे की थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि कार हादसे में क्षेत्र के टीला गांव निवासी वीरेंद्र सिंह (23 वर्ष) और संतोष सिंह (35 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई थी। टीला गांव निवासी सोहन सिंह, वीरेंद्र सिंह, जनपद रुद्रप्रयाग के संकरोड़ी गांव निवासी वीरेंद्र सिंह (चालक), सिताब सिंह घायल हो गए हैं। बताया कि घायलों का उपचार मेडिकल कालेज श्रीनगर के बेस अस्पताल श्रीकोट में चल रहा है। सीएचसी पैठाणी में पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिए हैं।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश नेगी ने कहा कि मोटरमार्ग खस्ताहाल बना हुआ है। पैराफिट भी नहीं बनाए हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य टीला डा. शिवचरण नौडियाल ने कहा कि क्षेत्र में दुखद घटना के बाद सभी आहत हैं। बताया कि मृतक वीरेंद्र सिंह व संतोष सिंह दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते थे। बूंखाल मेले के लिए घर आए थे। संतोष सिंह अपने पीछे पत्नी व दो बच्चे छोड़ गया है। हादसे के बाद टीला गांव में शोक की लहर है।

घायलों के उपचार में न हो किसी तरह की कमी: डा. धन सिंह
पौड़ी: स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने बेस अस्पताल श्रीकोट पहुंच पैठाणी-स्योली मार्ग पर हुए हादसे के घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने सभी घायलों को खतरे से बाहर बताया है। लेकिन बावजूद इसके किसी भी मरीज के उपचार में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। साथ ही उन्हें किसी प्रकार की परेशानी भी नहीं होनी चाहिए। कहा आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को एयर लिफ्ट भी किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री गणेश भट्ट, नगर मंडल अध्यक्ष श्रीनगर विनय घिल्डियाल आदि मौजूद रहे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *